आंध्र प्रदेश के कुरनूल जिले में शनिवार शाम एक दर्दनाक हादसा सामने आया। तुंगभद्रा नदी में फिसलकर गिरी एक नाबालिग लड़की को बचाने के लिए एक-एक कर पांच लोग नदी में उतर गए। हालांकि बच्ची को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन बचाव में शामिल पांचों लोग तेज बहाव में बह गए।
पैर धोते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार मंत्रालयम क्षेत्र में तुंगभद्रा नदी के किनारे एक नाबालिग लड़की अपने पैर धो रही थी। इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह नदी में गिर गई। तेज धारा के कारण वह बहने लगी। लड़की को बहता देख आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उसे बचाने का प्रयास शुरू किया।
एक-एक कर नदी में उतरे 5 लोग
लोगों के अनुसार सबसे पहले एक व्यक्ति लड़की को बचाने के लिए नदी में कूदा। इसके बाद अन्य लोग भी मदद के लिए पानी में उतर गए। कुल पांच लोगों ने मिलकर बच्ची को सुरक्षित बाहर निकालने की कोशिश की। हालांकि, तेज बहाव और गहरे पानी के कारण बचाव में जुटे लोग खुद मुश्किल में फंस गए।
परिवारों में पसरा मातम
लड़की के सुरक्षित बच जाने के बावजूद पांच लोगों के नदी में बह जाने की खबर से आसपास के गांवों में मातम छा गया। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन नदी किनारे पहुंच गए। लापता लोगों के परिजन उनकी सुरक्षित वापसी की उम्मीद में मौके पर मौजूद रहे। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस, प्रशासन और आपदा राहत दल मौके पर पहुंचे। SDRF की टीमों ने नदी में तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। अधिकारियों के अनुसार लापता लोगों की तलाश लगातार जारी है और हालात पर नजर रखी जा रही है।
लोगों से सावधानी बरतने की अपील
प्रशासन ने नदी में बढ़े जलस्तर और तेज बहाव को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा है कि नदियों, नहरों और जलाशयों के किनारे विशेष सावधानी बरती जाए, खासकर बच्चों को अकेले पानी के पास न जाने दिया जाए।
Read More
अहमदाबाद पहुंचे AB de Villiers, क्या RCB के लिए ‘लकी चार्म’ बनेंगे मिस्टर 360?

