दिल्ली के रोहिणी(Rohini) में आने वाले कंझावला इलाके से चोर की पीट-पीटकर हत्या कर देने की खबर सामने आई है। इलाके में चोरी के इरादे से घुंसे युवक को लोगों की भीड़ ने हाथ-पैर बांधकर इस कदर पीटा की उसकी जान ही चली गई। मृतक का नाम करण बताया जा रहा है जिसकी उम्र 28 साल थी। इस घटना की जानकारी जब पुलिस को मिली तो पुलिस मौके पर पहुंची और शव को मुर्दाघर भेज दिया।
जानकारी के मुताबिक पुलिस ने युवक को इस कदर पीटकर जान लेने की घटना में हत्या का केस दर्ज कर 8 लोगों को हिरासत में लिया है पुलिस ने मौके पर फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) के विशेषज्ञों को मौके पर बुलाया और CCTV फुटेज की भी जांच की गई। इसके साथ ही इस मामले में और लोगों के भी शामिल होने की आशंका है जिनको लेकर जांच जारी है।
करण के खिलाफ पहले से दो मामले थे दर्ज
पुलिस सूत्रों ने बताया कि करण के खिलाफ चोरी के दो मामले पहले से ही दर्ज थे। स्थानीय लोगों का दावा है कि वह पहले भी चोरी के इरादे से कॉलोनी में घुसा था लेकिन लोगों के देख लेने पर भाग गया था। इस बार पकड़े जाने पर उसे बुरी तरह पीटा गया जिसके कारण उसकी मौत हो गई।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि बुधवार शाम करीब 4:00 बजे, उनकी टीम को सूचना मिली कि कंझावला इलाके में चोरी के आरोप में एक युवक को बेरहमी से पीटा गया है। जब पुलिस मज़दूर कॉलोनी पहुंची तो उन्हें एक युवक मिला जिसके हाथ-पैर बंधे हुए थे। उसके शरीर पर चोट के निशान साफ दिख रहे थे। जांच करने पर यह पुष्टि हो गई कि उसकी मौत हो चुकी है।