AKTU Paper Leak: डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (AKTU) में पहली बार सेमेस्टर परीक्षा का पेपर लीक होने का मामला सामने आया है। बीटेक कंप्यूटर साइंस छठे सेमेस्टर के कंप्यूटर नेटवर्क विषय की परीक्षा रद्द कर दी गई है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने जांच रिपोर्ट के आधार पर परीक्षा निरस्त करते हुए अब 5 जून को दोबारा परीक्षा कराने का फैसला लिया है। इस घटना के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन में हड़कंप मचा हुआ है।
सोशल मीडिया पर वायरल प्रश्नपत्र
जानकारी के मुताबिक 21 मई को आयोजित हुई कंप्यूटर नेटवर्क विषय की परीक्षा के दौरान प्रश्नपत्र सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। मामला सामने आने के बाद AKTU प्रशासन ने जांच के लिए एक कमेटी गठित की थी। जांच रिपोर्ट आने के बाद परीक्षा रद्द करने का फैसला लिया गया। रिपोर्ट में नोएडा के एक परीक्षा केंद्र की लापरवाही सामने आई है।
कॉलेज क्रेडेंशियल लीक होने का आरोप
प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई गई है कि कॉलेज की लॉगइन आईडी और पासवर्ड का गलत इस्तेमाल कर प्रश्नपत्र डाउनलोड किया गया और बाद में उसे वायरल कर दिया गया। जांच एजेंसियां अब डिजिटल डेटा और संबंधित अभिलेखों की गहन जांच कर रही हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन को शक है कि ऑनलाइन सिस्टम से पेपर डाउनलोड कर लीक किया गया।
छात्र के मोबाइल में मिला पूरा पेपर
जांच के दौरान एक छात्र के मोबाइल फोन में पूरा प्रश्नपत्र मिलने की बात भी सामने आई है। इसके अलावा परीक्षा केंद्र से नकल की पर्चियां भी बरामद हुई हैं। अधिकारियों के मुताबिक पर्चियों में लिखे जवाब प्रश्नपत्र से मेल खाते पाए गए हैं। इससे यह आशंका और मजबूत हो गई है कि परीक्षा शुरू होने से पहले ही पेपर छात्रों तक पहुंच चुका था।
साइबर सेल और पुलिस ने शुरू की जांच
मामले को गंभीरता से लेते हुए AKTU ने साइबर सेल और नोएडा पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। विश्वविद्यालय ने संबंधित कॉलेज से जवाब भी मांगा है। परीक्षा नियंत्रक प्रो. दीपक नागरिया ने पूरे मामले की जांच के आदेश दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
5 जून को फिर होगी परीक्षा
विश्वविद्यालय प्रशासन ने साफ किया है कि 21 मई को हुई बीटेक कंप्यूटर साइंस छठे सेमेस्टर की कंप्यूटर नेटवर्क विषय की परीक्षा अब मान्य नहीं होगी। छात्रों के लिए यह परीक्षा 5 जून को दोबारा आयोजित की जाएगी। विश्वविद्यालय ने छात्रों से अफवाहों पर ध्यान न देने और आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की है।
Read More:
हिमाचल प्रदेश के पंचायती चुनावों में मतदान जारी, 11 बजे तक सबसे ज्यादा हमीरपुर में 40% वोटिंग

