प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 14 अप्रैल को प्रस्तावित देहरादून दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए अहम निर्णय लिया है। प्रशासन ने लच्छीवाला टोल प्लाजा और आशारोड़ी बैरियर को पूरे दिन टोल फ्री रखने के आदेश जारी किए हैं।
सुबह 5 बजे से शाम 8 बजे तक राहत
जारी आदेश के अनुसार, मंगलवार सुबह 5 बजे से शाम 8 बजे तक इन दोनों प्रवेश बिंदुओं से गुजरने वाले सभी छोटे-बड़े वाहन बिना किसी शुल्क के आवाजाही कर सकेंगे। इस दौरान फास्टैग से भी कोई राशि नहीं काटी जाएगी, जिससे वाहन चालकों को बड़ी राहत मिलेगी।
जाम से बचने के लिए लिया गया फैसला
जिलाधिकारी ने बताया कि पीएम मोदी के दौरे के दौरान भारी भीड़ और वाहनों की संख्या बढ़ने की आशंका है। देहरादून-दिल्ली एक्सप्रेसवे के लोकार्पण और जसवंत ग्राउंड में प्रस्तावित जनसभा के कारण सीमावर्ती क्षेत्रों और पर्वतीय जिलों से बड़ी संख्या में लोग पहुंच सकते हैं।
टोल पर नहीं लगेगी कतार
प्रशासन ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के तहत यह आदेश जारी करते हुए स्पष्ट किया है कि टोल प्लाजा पर वाहनों की लंबी कतार न लगे, इसलिए दोनों बैरियर को पूरी तरह खुला रखा जाएगा।
शहर में ट्रैफिक दबाव कम करने की कोशिश
प्रशासन का मानना है कि इस व्यवस्था से शहर के अंदर ट्रैफिक का दबाव कम होगा और मुख्य मार्गों पर जाम की स्थिति को नियंत्रित किया जा सकेगा। PM मोदी के दौरे को लेकर प्रशासन अलर्ट मोड पर है और यातायात सहित सभी व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं।
Read More
वृंदावन नाव हादसे पर CM भगवंत सिंह मान सक्रिय, पीड़ित परिवारों से मिले, हर संभव मदद का दिया भरोसा

