Iran-India Relations: अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच जारी तनाव के बीच ईरान ने भारत की कूटनीति की खुलकर तारीफ की है। ईरान के सुप्रीम लीडर के भारत में प्रतिनिधि अब्दुल मजीद हकीम इलाही ने कहा कि इस संकट में भारत अहम भूमिका निभा सकता है। उन्होंने भारतीय कूटनीति को प्रभावी बताते हुए कहा कि भारत इस मुद्दे में शांति स्थापित करने में बड़ा योगदान दे सकता है।
ईरान ने भारत को बताया ‘महत्वपूर्ण मध्यस्थ’
ईरानी प्रतिनिधि का यह बयान ऐसे समय पर आया है, जब डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को होर्मुज स्ट्रेट खोलने के लिए सख्त अल्टीमेटम दिया है। इसके बावजूद ईरान भारत जैसे देशों से सकारात्मक भूमिका की उम्मीद जता रहा है। इससे पहले ईरान के राजदूत मोहम्मद फतहली ने भी भारत की संतुलित विदेश नीति की सराहना करते हुए कहा था कि भारत तनाव कम करने और संवाद को आगे बढ़ाने में सक्षम है।
विदेश मंत्रियों के बीच हुई अहम बातचीत
तनावपूर्ण हालात के बीच ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने भारत के विदेश मंत्री S Jaishankar और रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव से फोन पर बातचीत की। इस दौरान ईरान ने अमेरिका और इजरायल पर औद्योगिक ढांचे, अस्पतालों, स्कूलों और रिहायशी इलाकों को निशाना बनाने का आरोप लगाया। ईरानी विदेश मंत्री ने कहा कि देश की सेना और जनता अपनी सुरक्षा और हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह तैयार है।
होर्मुज स्ट्रेट बंद से गहराया संकट
फारस और ओमान की खाड़ी के बीच स्थित होर्मुज स्ट्रेट को ईरान ने बंद कर रखा है। हालांकि, कुछ मित्र देशों के जहाजों को गुजरने की अनुमति दी जा रही है, लेकिन अमेरिका और उसके सहयोगियों के जहाजों को रोकने की चेतावनी दी गई है। इस फैसले का असर वैश्विक बाजार पर साफ दिख रहा है, जहां तेल और गैस की कीमतों में तेजी आई है। यह समुद्री मार्ग दुनिया की ऊर्जा आपूर्ति के लिए बेहद अहम माना जाता है।
भारत के लिए बढ़ी चिंता
पश्चिम एशिया भारत के लिए ऊर्जा आपूर्ति का प्रमुख स्रोत है। ऐसे में होर्मुज स्ट्रेट के बंद रहने से भारत की तेल, गैस और उर्वरक आपूर्ति प्रभावित हो सकती है। भारत ने हाल के दिनों में कूटनीतिक स्तर पर प्रयास तेज किए हैं, ताकि इस संकट का शांतिपूर्ण समाधान निकाला जा सके। भारत का मानना है कि यदि यह समुद्री मार्ग लंबे समय तक बंद रहता है, तो इससे न सिर्फ भारत बल्कि कई अन्य देशों की ऊर्जा और खाद्य सुरक्षा पर गंभीर असर पड़ सकता है।
Read More:

