Jyoti Maurya and Alok Maurya Dispute: उत्तर प्रदेश की चर्चित PCS अधिकारी ज्योति मौर्या और उनके पति अलोक मौर्या के बीच चला हाई-प्रोफाइल विवाद अब खत्म हो गया है। करीब ढाई साल तक चले विवाद, आरोप-प्रत्यारोप और जांच के बाद दोनों ने एक बार फिर साथ रहने का निर्णय लिया है। ताजा जानकारी के अनुसार, दोनों अब साथ रह रहे हैं और अपनी जिंदगी को नई दिशा देने में जुटे हैं।
प्रमोशन के बाद नोएडा में पोस्टिंग
समझौते के बीच ज्योति मौर्या को प्रमोशन भी मिला है और उनकी पोस्टिंग नोएडा में की गई है। वहीं आलोक मौर्या भी उनके साथ रह रहे हैं और अपने करियर पर ध्यान दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि उन्होंने हाल ही में यूपी पीसीएस परीक्षा दी थी और इंटरव्यू तक पहुंचे, हालांकि अंतिम चयन सूची में उनका नाम नहीं आया।
2010 में हुई थी शादी
इस विवाद की शुरुआत साल 2010 में हुई शादी से जुड़ी है। शुरुआती वर्षों में संबंध सामान्य रहे, लेकिन 2015 में ज्योति मौर्या के PCS में चयन और SDM पद संभालने के बाद दोनों के रिश्तों में खटास आने लगी। इसी दौर में दोनों के बीच दूरी बढ़ती चली गई। आलोक मौर्या का आरोप था कि उन्होंने अपनी पत्नी की पढ़ाई और तैयारी में महत्वपूर्ण योगदान दिया, लेकिन सफलता मिलने के बाद उन्हें नजरअंदाज किया गया। वहीं दूसरी ओर ज्योति और उनके परिवार की तरफ से भी अलग-अलग आरोप सामने आए।
आरोपों से बढ़ा मामला
समय के साथ यह विवाद निजी दायरे से निकलकर सार्वजनिक हो गया। आलोक मौर्या ने ज्योति पर भ्रष्टाचार और अवैध संपत्ति अर्जित करने के आरोप लगाए और इसकी शिकायत शासन से की। उन्होंने एक अन्य अधिकारी के साथ संबंध होने का भी आरोप लगाया, जिससे मामला और ज्यादा चर्चा में आ गया। इन आरोपों के बाद प्रशासन ने जांच के आदेश दिए और तीन सदस्यीय समिति गठित की गई। हालांकि, जांच के दौरान आलोक मौर्या ने अपनी शिकायत वापस ले ली, जिसके बाद समिति ने मामला समाप्त करने की रिपोर्ट सौंप दी।
सोशल मीडिया पर छाया रहा मामला
यह विवाद सोशल मीडिया पर भी लंबे समय तक चर्चा में रहा। कभी ज्योति मौर्या के समर्थन में लोग सामने आए, तो कभी आलोक मौर्या के पक्ष में आवाज उठी। इस घटनाक्रम ने समाज में रिश्तों और सफलता के प्रभाव को लेकर कई सवाल खड़े किए। इस दौरान आलोक मौर्या ने पुरुषों के अधिकारों को लेकर भी आवाज उठाई और प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री समेत कई संवैधानिक पदों पर पत्र लिखकर पुरुष आयोग बनाने की मांग की।
परिवार की पहल से बनी सहमति
करीब ढाई साल तक चले इस विवाद के बाद दोनों का साथ आना कई लोगों के लिए हैरान करने वाला है। हालांकि, इसे एक परिपक्व फैसला माना जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, परिवार और करीबी लोगों की पहल से दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और धीरे-धीरे मतभेद खत्म हो गए। अब दोनों ने एक नई शुरुआत करते हुए साथ रहने का फैसला किया है, जिससे न सिर्फ उनके रिश्ते में सुधार आया है, बल्कि दोनों परिवारों को भी राहत मिली है।
Read More:

