फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण (FMDA) ने बड़खल क्षेत्र में 7 सड़कों को मॉडल सड़क के रूप में विकसित करने की योजना को मंजूरी दे दी है। इस परियोजना पर करीब 67 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। विधायक धनेश अदलखा ने बताया कि मुख्यमंत्री की स्वीकृति के बाद अब जल्द ही टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
आधुनिक सुविधाओं से लैस होंगी सड़कें
इन मॉडल सड़कों पर ग्रीनबेल्ट, सर्विस रोड, साइकिल ट्रैक, साइन बोर्ड, स्मार्ट स्ट्रीट लाइट, हाई मास्ट लाइट और नए ट्रैफिक सिग्नल जैसी आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इसका उद्देश्य शहर के इंफ्रास्ट्रक्चर को बेहतर बनाना और ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु करना है।
7.33 किलोमीटर लंबी सड़कें होंगी विकसित
परियोजना के तहत कुल 7.33 किलोमीटर लंबी 7 सड़कों को विकसित किया जाएगा। इनमें चिमनीबाई चौक से मुल्ला होटल, एसीपी एनआईटी ऑफिस से बादशाह खान अस्पताल चौक, तिकोना पार्क से ईएसआई चौक, व्यापार मंडल से तिकोना पार्क समेत कई प्रमुख मार्ग शामिल हैं।
ट्रैफिक जाम से मिलेगी राहत
विधायक अदलखा ने बताया कि इन सड़कों के मॉडल रूप में विकसित होने से पार्किंग की बेहतर व्यवस्था होगी, जिससे ट्रैफिक जाम की समस्या काफी हद तक कम होगी। लोगों को सुगम और सुरक्षित आवागमन का लाभ मिलेगा।
पार्किंग और यातायात प्रबंधन पर खास फोकस
मॉडल सड़कों के साथ पार्किंग की समुचित व्यवस्था की जाएगी, जिससे सड़कों पर वाहनों का दबाव कम होगा। साथ ही ट्रैफिक सिग्नल और हाई मास्ट लाइट से यातायात प्रबंधन और सुरक्षा दोनों में सुधार होगा। विधायक ने बताया कि फिलहाल 7 सड़कों का चयन किया गया है, लेकिन आने वाले समय में शहर की अन्य सड़कों को भी इसी तरह विकसित करने की योजना है। इससे फरीदाबाद का शहरी ढांचा और मजबूत होगा।
Read More
नशे के खिलाफ पंजाब पुलिस की सख्त कार्रवाई जारी, 120 तस्कर गिरफ्तार

