Chandrapur Murder Case: महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले के दुर्गापुर इलाके में लिव-इन रिलेशनशिप से जुड़ा एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। यहां युवक ने अपनी पार्टनर की हत्या कर उसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की, लेकिन करीब 20 दिन बाद आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने सच्चाई उजागर कर दी। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
मोबाइल चार्जर के तार से की गई हत्या
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि 22 वर्षीय अंकेश योगेश बहिरवार ने अपनी 29 वर्षीय लिव-इन पार्टनर प्रियंका की मोबाइल चार्जर के तार से गला घोंटकर हत्या कर दी। घटना के बाद उसने इसे आत्महत्या दिखाने की कोशिश की, ताकि पुलिस को गुमराह किया जा सके।
उम्र का अंतर और बढ़ते विवाद बने वजह
मृतका प्रियंका अपने पति से अलग रह रही थीं और पिछले कुछ समय से अंकेश के साथ लिव-इन में रह रही थीं। दोनों के बीच करीब सात साल का उम्र का अंतर था। शुरुआती दिनों में सब सामान्य था, लेकिन बाद में छोटे-छोटे मुद्दों को लेकर झगड़े बढ़ने लगे। पुलिस के अनुसार, प्रियंका अंकेश पर कुछ बातों को लेकर दबाव बनाती थीं और उसे परिवार से दूर रहने को कहती थीं, जिससे तनाव बढ़ता गया।
परिवार को किया गुमराह
14 मार्च की रात आरोपी ने प्रियंका के पिता को फोन कर बताया कि वह बात नहीं कर रही है और शायद बेहोश हो गई है या आत्महत्या कर ली है। जब परिवार मौके पर पहुंचा तो प्रियंका अचेत अवस्था में मिली। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
पोस्टमार्टम में सामने आई सच्चाई
शुरुआत में मामला आत्महत्या का लग रहा था, लेकिन गुरुवार को आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने पूरे घटनाक्रम को पलट दिया। रिपोर्ट में साफ हुआ कि प्रियंका की मौत गला घोंटने से हुई है। इसके बाद पुलिस ने अंकेश को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने बरामद किए सबूत
दुर्गापुर पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। घटनास्थल से हत्या में इस्तेमाल मोबाइल चार्जर का तार और एक्सटेंशन बोर्ड भी बरामद किया गया है। आरोपी के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Read More:

