ईरान के साथ करीब पांच सप्ताह से जारी संघर्ष के बीच अमेरिका को बड़ा झटका लगा है। एक ही दिन में दो अमेरिकी लड़ाकू विमानों के गिराए जाने की घटनाओं ने पश्चिम एशिया में तनाव और बढ़ा दिया है। इस घटनाक्रम ने क्षेत्र में चल रहे युद्ध को और गंभीर बना दिया है।
ईरान ने गिराए दो लड़ाकू विमान
ईरानी सेना ने दावा किया है कि उसने अमेरिकी F-15E लड़ाकू जेट को मार गिराया। दो पायलटों वाले इस विमान के क्रैश होने की पुष्टि दोनों देशों के अधिकारियों ने की है। एक पायलट को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि दूसरा अभी भी लापता है, जिसकी तलाश जारी है। इसी दिन एक अन्य घटना में अमेरिकी A-10 वारथोग अटैक एयरक्राफ्ट कुवैत के ऊपर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार, इस विमान का पायलट सुरक्षित इजेक्ट कर लिया गया और बाद में उसे बचा लिया गया। लगातार हुई इन दो घटनाओं ने अमेरिकी वायुसेना के लिए बड़ी चुनौती खड़ी कर दी है।
रेस्क्यू मिशन पर भी हुआ हमला
लापता पायलट की तलाश के लिए अमेरिकी सेना ने बचाव अभियान चलाया, लेकिन यह मिशन भी खतरे से खाली नहीं रहा। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ईरानी क्षेत्र में घुसे अमेरिकी ब्लैकहॉक हेलीकॉप्टरों पर भी फायरिंग की गई। हालांकि हेलीकॉप्टर सुरक्षित लौट आए, लेकिन उनके क्षतिग्रस्त होने की आशंका जताई जा रही है।
ईरान ने लापता पायलट पर रखा इनाम
ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड (IRGC) ने लापता अमेरिकी पायलट को पकड़ने या उसकी जानकारी देने वालों के लिए इनाम घोषित किया है। ईरानी नेताओं ने इस घटनाक्रम पर अमेरिका पर तंज भी कसा है और इसे युद्ध की नई स्थिति बताया है।
क्या बोले ट्रंप?
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इन घटनाओं पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि इससे बातचीत पर कोई असर नहीं पड़ेगा। उन्होंने कहा, “यह युद्ध है।” हालांकि इन घटनाओं ने अमेरिकी दावों को चुनौती दी है, जिनमें कहा गया था कि ईरान के हवाई क्षेत्र पर अमेरिका का नियंत्रण है। लगातार हो रही सैन्य घटनाओं और बढ़ते तनाव के बीच क्षेत्र में टकराव और बढ़ने की आशंका है। विशेषज्ञ मानते हैं कि इस तरह की घटनाएं आने वाले दिनों में संघर्ष को और जटिल बना सकती हैं।
Read More
खुशियों के बीच पसरा मातम…बेटी की शादी का पहला कार्ड मंदिर चढ़ाने निकली मां की ट्रेन से कटकर हुई मौत

