पाकिस्तान में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में रिकॉर्ड बढ़ोतरी दर्ज की गई है। एक लीटर पेट्रोल 458.41 और डीजल 520.35 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर तक पहुंच गया है। यह बढ़ोतरी अमेरिका-ईरान तनाव के चलते वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में आई तेजी के बाद की गई है। नई दरें गुरुवार आधी रात से लागू हो गई हैं।
पेट्रोल 43% और डीजल 55% महंगा
सरकार ने पेट्रोल की कीमत में 137.23 रुपये और डीजल में 184.49 रुपये का इजाफा किया है। इसके अलावा केरोसिन के दाम भी 34.08 रुपये बढ़ाकर 457.80 रुपये प्रति लीटर कर दिए गए हैं। पिछले महीने भी पेट्रोल-डीजल करीब 55 रुपये महंगे किए गए थे।
टैक्स स्ट्रक्चर में बड़ा बदलाव
कीमतों को संतुलित करने के लिए सरकार ने टैक्स में भी बदलाव किया है। पेट्रोल पर टैक्स 105 रुपये से बढ़ाकर 160 रुपये प्रति लीटर कर दिया गया है। वहीं डीजल पर टैक्स 55 रुपये से घटाकर शून्य कर दिया गया है, ताकि कीमतों का असर कुछ हद तक नियंत्रित किया जा सके।
सरकार ने बताया ‘मजबूरी का फैसला’
पाकिस्तान के पेट्रोलियम मंत्री अली परवेज मलिक ने कहा कि यह फैसला कठिन जरूर है, लेकिन मौजूदा वैश्विक हालात को देखते हुए जरूरी था। उन्होंने कहा कि सरकार अब केवल जरूरतमंद वर्गों को ही सब्सिडी देगी, ताकि आर्थिक संतुलन बनाए रखा जा सके। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, पिछले महीने पेट्रोल की खपत में 8% और डीजल की खपत में 13% की बढ़ोतरी हुई थी। इस बढ़ती खपत को नियंत्रित करने के लिए भी कीमतों में इजाफा किया गया है।
होर्मुज संकट से प्रभावित सप्लाई
28 फरवरी से शुरू हुए अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच संघर्ष के कारण होर्मुज स्ट्रेट प्रभावित हुआ है, जिससे तेल सप्लाई पर असर पड़ा है। इसका सीधा असर वैश्विक बाजार पर पड़ा और ब्रेंट क्रूड की कीमत 109 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गई है।
आम जनता पर बढ़ेगा बोझ
ईंधन की कीमतों में इस भारी बढ़ोतरी का असर आम लोगों की जेब पर पड़ेगा। ट्रांसपोर्ट, महंगाई और रोजमर्रा की जरूरतों की कीमतों में भी इजाफा होने की आशंका है, जिससे पाकिस्तान की आर्थिक स्थिति और चुनौतीपूर्ण हो सकती है।
Read More
सीमा हैदर ने नए बच्चे का रखा ऐसा नाम, सुनते ही पाकिस्तान से लेकर बांग्लादेश तक जल-भुन गए लोग…

