Major Attack in Pakistan Khyber Pakhtunkhwa: पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के बन्नू जिले में एक पुलिस स्टेशन पर आत्मघाती कार बम हमला हुआ। धमाके में 5 लोगों की मौत हो गई जबकि 13 अन्य घायल हुए हैं, जिसमें एक पुलिसकर्मी भी शामिल है। मृतकों में एक ही परिवार के चार सदस्य शामिल हैं। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां कुछ की हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस स्टेशन का सेंट्री पोस्ट पूरी तरह नष्ट
डॉन अखबार की रिपोर्ट के मुताबिक, विस्फोटकों से भरी कार पुलिस स्टेशन के पिछले हिस्से से टकराई, जिससे जोरदार धमाका हुआ। धमाके की आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनी गई। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि पुलिस स्टेशन का सेंट्री पोस्ट पूरी तरह नष्ट हो गया और इमारत का बड़ा हिस्सा मलबे में बदल गया। आसपास के कई घरों को भी भारी नुकसान पहुंचा और कुछ मकान ढह गए, जिससे कई लोग मलबे में दब गए।
राहत और बचाव कार्य
पाकिस्तान के डिस्ट्रिक्ट इमरजेंसी ऑफिसर बख्तुल्लाह वजीर ने बताया कि राहत और बचाव कार्य जारी है। हालांकि, लगातार बारिश के कारण ऑपरेशन में कठिनाइयाँ आई हैं। फायरिंग रुकने के बाद ही रेस्क्यू टीमों ने मलबा हटाना शुरू किया। सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को घेरकर क्लियरेंस ऑपरेशन शुरू कर दिया है।
सुरक्षा हालात और आगे की आशंका
सुरक्षा बल पूरे इलाके में सतर्कता बढ़ा रहे हैं और किसी भी संभावित खतरे से निपटने के लिए अतिरिक्त टीमें तैनात की गई हैं। बन्नू में हुए इस आत्मघाती कार बम हमले ने न केवल पुलिस बलों बल्कि आम नागरिकों में भी भय पैदा कर दिया है। प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव कार्य तेजी से जारी हैं, और अधिकारियों का कहना है कि नुकसान की पूरी जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
READ MORE: हरियाणा में बड़ा फेरबदल, 24 IPS और 5 HPS अधिकारियों का तबादला

