पंजाब पुलिस ने एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) के साथ मिलकर राज्यभर में बड़े स्तर पर लक्षित अभियान चलाया। इस दौरान अलग-अलग जिलों में एक साथ छापेमारी कर अपराधियों के नेटवर्क पर चोट की गई। पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई सुनियोजित तरीके से की गई, ताकि गैंगस्टर गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सके।
483 ठिकाने पर रेड
इस विशेष अभियान के तहत कुल 483 छापे मारे गए, जिनमें 184 लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, ये सभी आरोपी विभिन्न आपराधिक गतिविधियों और गैंग से जुड़े हुए थे। लगातार हो रही इस कार्रवाई से अपराधियों में खौफ का माहौल देखा जा रहा है। अभियान के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता तब मिली जब 5 उद्घोषित अपराधियों को भी गिरफ्तार किया गया। ये आरोपी लंबे समय से फरार चल रहे थे और कई मामलों में वांछित थे। उनकी गिरफ्तारी को पुलिस बड़ी उपलब्धि मान रही है।
कुल गिरफ्तारी का आंकड़ा 18,240 के पार
पंजाब में चल रहे इस अभियान की शुरुआत से अब तक कुल गिरफ्तारियों की संख्या बढ़कर 18,240 तक पहुंच गई है। यह आंकड़ा बताता है कि पुलिस लगातार गैंगस्टर नेटवर्क के खिलाफ आक्रामक रुख अपनाए हुए है और बड़े स्तर पर कार्रवाई जारी है।
गैंगस्टर नेटवर्क खत्म करने का संकल्प
पंजाब पुलिस ने स्पष्ट किया है कि राज्य में गैंगस्टरों और संगठित अपराध के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस का लक्ष्य एक सुरक्षित और अपराध मुक्त पंजाब बनाना है, जिसके लिए हर स्तर पर सख्त कदम उठाए जा रहे हैं।
पुलिस ने हेल्पलाइन नंबर किया जारी
पुलिस ने आम जनता से सहयोग की अपील करते हुए एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन नंबर 93946-93946 जारी किया है। नागरिक इस नंबर पर गुमनाम रहकर भी जानकारी साझा कर सकते हैं, जिससे अपराध पर काबू पाने में मदद मिलेगी।
Read More

