दिल्ली पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए लश्कर-ए-तैयबा के आतंकी शब्बीर अहमद लोन को दिल्ली बॉर्डर से गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारी एक गुप्त सूचना के आधार पर की गई, जिसके बाद एजेंसियों ने जाल बिछाकर उसे दबोच लिया।
बांग्लादेश से चला रहा था नेटवर्क
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शब्बीर अहमद लोन बांग्लादेश में बैठकर पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के निर्देश पर भारत में लश्कर का नया मॉड्यूल तैयार कर रहा था। वह सीमा पार से मिले निर्देशों के अनुसार भारत विरोधी गतिविधियों को अंजाम देने की योजना बना रहा था।
साथियों की तलाश जारी
गिरफ्तारी के बाद अब सुरक्षा एजेंसियां उससे गहन पूछताछ कर रही हैं। जांच का मुख्य फोकस यह पता लगाना है कि दिल्ली और अन्य शहरों में उसके कितने सहयोगी सक्रिय हैं और इस नेटवर्क की जड़ें कितनी गहरी हैं।
भारत विरोधी गतिविधियों में शामिल
हाल ही में दिल्ली और कोलकाता समेत कई जगहों पर भारत विरोधी पोस्टर लगाए जाने के मामले में भी इसी मॉड्यूल का हाथ सामने आया था। इससे पहले दक्षिण भारत में भी लश्कर के नेटवर्क का खुलासा हुआ था, जिससे एजेंसियां पहले से ही अलर्ट थीं।
पहले भी हो चुका गिरफ्तार
शब्बीर अहमद लोन कोई नया नाम नहीं है। उसे वर्ष 2007 में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने एके-47 और ग्रेनेड जैसे हथियारों के साथ गिरफ्तार किया था। उस समय भी उसके संबंध लश्कर सरगना हाफिज सईद से जुड़े पाए गए थे। वह 2018 तक तिहाड़ जेल में सजा काट चुका है।
रिहाई के बाद फिर हुआ सक्रिय
जेल से रिहा होने के बाद वह दोबारा आतंकी गतिविधियों में शामिल हो गया और बांग्लादेश को अपना ठिकाना बनाकर भारत विरोधी ऑपरेशंस को संचालित करने लगा। इस गिरफ्तारी को राष्ट्रीय सुरक्षा के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है। एजेंसियां अब पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने और संभावित हमलों को रोकने के लिए लगातार अभियान चला रही हैं।
Read More
पंजाब पुलिस का नशा तस्करों पर बड़ा एक्शन, 1 किलो अफीम और ड्रग मनी समेत 112 तस्कर गिरफ्तार

