पंजाब में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत लुधियाना पुलिस(Ludhiana Police) को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना जमालपुर की टीम ने कार्रवाई करते हुए एक ट्रक और तीन अन्य वाहनों से भारी मात्रा में चूरा पोस्त (भुक्की) बरामद किया है। जानकारी के मुताबिक, बरामद नशीले पदार्थ का कुल वजन करीब 3100 किलोग्राम है। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश में लगातार छापेमारी जारी है।
बताया जा रहा है कि 27 मार्च को एसआई दलवीर सिंह अपनी टीम के साथ जमालपुर चौक पर गश्त और चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान एक विश्वसनीय मुखबिर ने सूचना दी कि HR64A-5376 नंबर का एक ट्रक, जिस पर ‘गिल कैच’ लिखा है, उसमें बड़ी मात्रा में चूरा पोस्त लोड किया गया है। सूचना के अनुसार, सप्लाई के बाद ट्रक को थाना लाडोवाल क्षेत्र के एक सुनसान स्थान पर खड़ा किया गया था।
छापेमारी में बड़ा खुलासा
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत बताए गए स्थान पर छापा मारा। पुलिस को देखकर मौके पर मौजूद लोग फरार हो गए। तलाशी के दौरान ट्रक के अंदर बोरियों में भरा भारी मात्रा में चूरा पोस्त बरामद हुआ। इसके साथ ही पुलिस ने तीन अन्य वाहन भी जब्त किए, जिनका इस्तेमाल नशे की सप्लाई के लिए किया जाना था। इनमें महिंद्रा बोलेरो (PB10CC-3767), इसुजु (PB11CF-1759) और महिंद्रा स्कॉर्पियो (PB13BS-2020) शामिल हैं।
NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई
पुलिस ने ट्रक और अन्य वाहनों को कब्जे में लेकर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 15, 61 और 85 के तहत मामला दर्ज किया है। साथ ही, वाहनों के मालिकों और उनके नेटवर्क की जांच शुरू कर दी गई है।
बड़े गिरोह से जुड़े होने की आशंका
इतनी बड़ी मात्रा में नशे की बरामदगी से अंदाजा लगाया जा रहा है कि इसके पीछे कोई बड़ा अंतर्राज्यीय गिरोह सक्रिय है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि यह खेप कहां से आई थी और इसे किन-किन इलाकों में सप्लाई किया जाना था। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान लगभग कर ली गई है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।