सोनीपत(Sonipat) एंटी गैंगस्टर यूनिट, सेक्टर-7 की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच शार्प शूटरों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी हरियाणा और दिल्ली के व्यापारियों से करोड़ों रुपये की फिरौती मांगने में शामिल थे और किसी बड़ी फायरिंग वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे।
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह विदेश में बैठे कुख्यात गैंगस्टर रणदीप मलिक और दीपक बॉक्सर के निर्देश पर काम कर रहा था। हरियाणा के सोनीपत, पानीपत, जींद और दिल्ली के नरेला क्षेत्र में व्यापारियों को निशाना बनाकर 5 करोड़ से 25 करोड़ रुपये तक की रंगदारी मांगी जा रही थी।
मोबाइल चोरी के जरिए अंजाम देते थे वारदात
गिरोह का तरीका बेहद शातिर था। आरोपी रात के समय सोते हुए लोगों के मोबाइल फोन चोरी कर लेते और विदेश में बैठे गैंगस्टरों के अकाउंट को लॉगिन करवा देते। ओटीपी उसी मोबाइल पर आने के कारण गैंगस्टर आसानी से व्हाट्सएप के जरिए व्यापारियों को धमकाते और फिरौती की मांग करते। पानीपत में 24 करोड़ रुपये की रंगदारी के मामले में भी इन आरोपियों की संलिप्तता सामने आई।
पुलिस ने बरामद किए हथियार और मोबाइल
गिरफ्तारी के दौरान आरोपियों के पास से एक अवैध पिस्टल, दो जिंदा कारतूस और तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए। पुलिस अब इन आरोपियों को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेकर पूरे नेटवर्क का खुलासा करेगी।
समय पर कार्रवाई से टला बड़ा हादसा
एंटी गैंगस्टर यूनिट को सूचना मिली थी कि आरोपी किसी बड़ी फायरिंग वारदात को अंजाम देने वाले थे। समय रहते पुलिस की कार्रवाई से न केवल फिरौती का खेल रोका गया, बल्कि संभावित हिंसक वारदात को भी टाल दिया गया।