उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर दौरे के दौरान लगातार दूसरे दिन गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन कार्यक्रम आयोजित किया। शुक्रवार सुबह महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर हुए इस कार्यक्रम में उन्होंने करीब 200 लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को उनके त्वरित समाधान के निर्देश दिए।
दबंगों पर सख्ती के निर्देश
जनता दर्शन में कई लोगों ने दबंगों द्वारा डराने-धमकाने की शिकायत की। इस पर मुख्यमंत्री ने पुलिस अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा, “गुंडागर्दी करने वालों को उठाकर बंद करो।” उन्होंने यह भी कहा कि यदि कोई आरोपी जमानत पर बाहर आकर वादी को धमकाता है, तो उसकी जमानत रद्द कराने की कार्रवाई की जाए।
हर व्यक्ति को मिले न्याय
सीएम योगी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि हर व्यक्ति की समस्या का समाधान प्राथमिकता से किया जाए और किसी के साथ भेदभाव न हो। उन्होंने कहा कि सभी पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिलना चाहिए और जरूरतमंदों के इलाज की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। मुख्यमंत्री योगी ने जमीन कब्जाने वाले भू-माफियाओं और दबंगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि ऐसे मामलों में तुरंत कार्रवाई कर पीड़ितों को न्याय दिलाया जाए।
इलाज के लिए सरकार देगी आर्थिक मदद
जनता दर्शन में कई लोग गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग लेकर पहुंचे थे। इस पर मुख्यमंत्री योगी ने भरोसा दिलाया कि धन की कमी के कारण किसी का इलाज नहीं रुकेगा। अस्पताल से अनुमानित खर्च का विवरण मिलते ही सरकार मदद उपलब्ध कराएगी। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने बच्चों से भी मुलाकात की और उन्हें चॉकलेट देकर स्नेह जताया। इस दौरान उन्होंने लोगों को आश्वस्त किया कि सरकार हर जरूरतमंद की मदद के लिए प्रतिबद्ध है।
Read More
अब अमेरिकी डॉलर पर दिखेगा ट्रंप का सिग्नेचर…अचानक 165 साल पुराने इतिहास में क्यों हुआ बदलाव

