Pawan Singh Divorce Case: भोजपुरी सिनेमा के चर्चित अभिनेता पवन सिंह और उनकी पत्नी ज्योति सिंह के बीच चल रहे तलाक मामले में बुधवार (25 मार्च 2026) को आरा सिविल कोर्ट में अहम सुनवाई हुई। पवन सिंह दोपहर करीब 2:20 बजे कोर्ट पहुंचे, लेकिन ज्योति सिंह निर्धारित तारीख पर उपस्थित नहीं हुईं, जिससे सुलह की कोशिश अधूरी रह गई।
कोर्ट में 35-40 मिनट तक चली कार्यवाही
कोर्ट में करीब 35-40 मिनट तक चली कार्यवाही के बाद जब पवन सिंह बाहर निकले तो वे मायूस नजर आए। इस दौरान कोर्ट परिसर के बाहर उनके प्रशंसकों की भारी भीड़ जमा हो गई, जिससे माहौल कुछ समय के लिए गहमागहमी भरा रहा।
ज्योति सिंह से संपर्क नहीं हो सका
पवन सिंह के वकील सुमन कुमार के मुताबिक, इस दिन दोनों पक्षों को रिकॉन्सिलिएशन यानी सुलह के लिए बुलाया गया था। कोर्ट ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए भी बातचीत कराने की कोशिश की, लेकिन ज्योति सिंह से संपर्क नहीं हो सका। सुनवाई के दौरान पवन सिंह ने जज के सामने साफ कहा कि वे ज्योति सिंह के साथ अब नहीं रहना चाहते। साथ ही उन्होंने यह भी जताया कि यदि वन-टाइम सेटलमेंट होता है तो वे इसके लिए तैयार हैं।
पवन सिंह के सामने रखी ये शर्त
दूसरी ओर, ज्योति सिंह के वकील विष्णुधर पांडेय ने पहले ही स्पष्ट किया था कि यदि पवन सिंह साथ नहीं रहना चाहते, तो उन्हें 10 करोड़ रुपये, एक मकान और केस चलने के दौरान खर्च देना होगा। इस मांग ने मामले को और अधिक संवेदनशील बना दिया है।
कोर्ट में साड़ी-सिंदूर के साथ पेश हुई थीं ज्योति
इससे पहले 11 फरवरी को ज्योति सिंह कोर्ट में साड़ी और सिंदूर के साथ पेश हुई थीं, जबकि उस दिन पवन सिंह ने बीमारी का हवाला दिया था और अस्पताल से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अपनी पेशी दी थी। पवन सिंह की निजी जिंदगी पहले भी सुर्खियों में रही है। उनकी पहली पत्नी नीलम सिंह ने 2015 में आत्महत्या कर ली थी। इसके बाद उनका नाम अभिनेत्री अक्षरा सिंह के साथ जुड़ा, हालांकि उन्होंने 2018 में ज्योति सिंह से शादी कर ली थी। फिलहाल, कोर्ट में सुलह की कोशिश असफल रहने के बाद अब अगली सुनवाई पर सबकी नजरें टिकी हैं, जहां इस हाई-प्रोफाइल मामले में आगे की दिशा तय हो सकती है।
Read More:

