Andhra Pradesh Bus Tragedy: आंध्र प्रदेश के मार्कापुरम जिले में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। हरिकृष्णा ट्रैवल्स की एक निजी बस निर्मल से नेल्लोर जा रही थी, तभी सुबह करीब 6 बजे उसकी एक टिपर लोरी से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के तुरंत बाद बस में भीषण आग लग गई, जिससे कई यात्री उसमें फंस गए और जिंदा जल गए।
14 यात्रियों की हुई मौत
पुलिस के मुताबिक इस हादसे में कम से कम 14 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई यात्री गंभीर रूप से झुलस गए हैं। करीब 18 से 20 घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। अधिकारियों ने आशंका जताई है कि मृतकों की संख्या और बढ़ सकती है।
पीएम मोदी ने किया मुआवजे का ऐलान
आंध्र प्रदेश के मार्कपुरम जिले में हुए भीषण बस हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा शोक व्यक्त किया है। PM मोदी ने एक्स पर कहा कि ‘आंध्र प्रदेश के मार्कपुरम जिले में हुई दुर्घटना अत्यंत दुखद है। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।’ प्रधानमंत्री कार्यालय के मुताबिक, उन्होंने मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।
डीएसपी ने दी जानकारी
मार्कापुरम के डीएसपी नागराजू ने बताया कि राहत और बचाव कार्य तुरंत शुरू कर दिया गया था। पुलिस और स्थानीय टीमों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया और घायलों को बाहर निकाला। फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने जताया शोक
इस घटना पर आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने अधिकारियों से बात कर हालात की समीक्षा की और घायलों को बेहतर इलाज देने के निर्देश दिए। साथ ही पूरे मामले की विस्तृत जांच के आदेश भी दिए गए हैं।
आईटी मंत्री बोले- पीड़ितों को हर संभव मदद
राज्य के आईटी मंत्री नारा लोकेश ने भी हादसे पर दुख जताते हुए इसे बेहद दर्दनाक बताया। उन्होंने कहा कि सरकार घायलों के इलाज में कोई कमी नहीं छोड़ेगी और मृतकों के परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी।
Read More:
क्या डोनबास छोड़ देगा यूक्रेन? डोनाल्ड ट्रंप के नए प्रस्ताव से बढ़ी टेंशन

