Advertisement
पंजाब के वित्तमंत्री हरपाल सिंह चीमा विधानसभा में वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट पेश कर रहे हैं। इस दौरान उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार ने राज्य के सभी क्षेत्रों में समान और संतुलित विकास को ध्यान में रखते हुए ‘रंगला पंजाब’ की शुरुआत की थी। वित्तमंत्री हरपाल सिंह चीमा ने बताया कि यह योजना वित्तीय वर्ष 2025-26 में लागू की गई थी, जिसके तहत राज्य की सभी 117 विधानसभा क्षेत्रों में स्थानीय बुनियादी ढांचे और सार्वजनिक परिसंपत्तियों के निर्माण और सुधार के लिए विशेष फंड दिया गया। बता दें कि इस योजना के तहत हर विधानसभा क्षेत्र को सालाना 5 करोड़ रुपये देने का प्रावधान किया गया था, जिससे कुल 585 करोड़ रुपये का बजट तय किया गया था।
2026-27 में बजट दोगुना करने का प्रस्ताव
वित्तमंत्री ने कहा कि अच्छे परिणाम और सकारात्मक प्रतिक्रिया को देखते हुए सरकार अब इसका दायरा बढ़ाने जा रही है। वित्तीय वर्ष 2026–27 के लिए इस योजना का बजट दोगुना करने का प्रस्ताव रखा गया है। इसके तहत कुल आवंटन 585 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 1,170 करोड़ रुपये किया जाएगा। सरकार का मानना है कि अतिरिक्त फंड मिलने से विधानसभा क्षेत्रों में स्थानीय स्तर पर विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जा सकेगा।
डिजिटल पोर्टल से होगी निगरानी
हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सरकार ने एक विशेष डिजिटल पोर्टल भी शुरू किया है। इस पोर्टल के माध्यम से राज्य कोषागार से लेकर एजेंसियों तक फंड को रियल-टाइम में ट्रैक किया जा रहा है। इसके साथ ही विकास कार्यों की निगरानी के लिए जियो-टैगिंग और फोटो डॉक्यूमेंटेशन जैसी तकनीकों का इस्तेमाल किया जा रहा है, ताकि परियोजनाओं की प्रगति पर लगातार नजर रखी जा सके और पारदर्शिता सुनिश्चित हो सके।
मिलेगें रोजगार के नए अवसर
इससे युवाओं के लिए रोजगार के नए रास्ते खुलेंगे। इसके साथ ही, स्थानीय स्तर पर छोटे व्यवसायों को प्रोत्साहन मिलेगा, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होगी। यह पहल न केवल सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करेगी, बल्कि युवाओं को आत्मनिर्भर बनाकर राज्य के सामाजिक-आर्थिक विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
Read More
















