Advertisement
‘ऑपरेशन फतह-ए-खैबर’ के तहत ईरान ने एक साथ सात देशों में सैन्य कार्रवाई की है। जिन देशों को निशाना बनाया गया, उनमें इजरायल, यूएई, सऊदी अरब, कुवैत, जॉर्डन, कतर और बहरीन शामिल हैं। इजरायल को छोड़कर बाकी सभी देशों में ईरान ने अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर हमले किए हैं। ईरान पहले ही अमेरिका को “विनाशकारी जवाब” देने की चेतावनी दे चुका था।
शुरूआती रिपोर्टों के मुताबिक, ईरान ने एक साथ कई मिसाइलें दागीं, जिससे अमेरिकी ठिकानों को भारी नुकसान हुआ है। हालांकि,क्षेत्र में तनाव बढ़ने से कई देशों ने सुरक्षा अलर्ट जारी कर दिए हैं।
इजरायल में इमरजेंसी घोषित
ईरान ने सबसे पहले तेल अवीव को निशाना बनाया। इजरायल की राजधानी क्षेत्र में मिसाइल हमलों के बाद इमरजेंसी घोषित कर दी गई है। एयर डिफेंस सिस्टम सक्रिय किए गए हैं और नागरिकों को शेल्टर में रहने के निर्देश दिए गए हैं।
बहरीन में अमेरिकी नेवल बेस पर हमला
बहरीन से सामने आई तस्वीरों में अमेरिकी नौसैनिक अड्डे को गंभीर क्षति पहुंचने की बात कही जा रही है। ईरान ने इस ठिकाने पर कई मिसाइलें दागीं। आधिकारिक तौर पर नुकसान का पूरा ब्यौरा जारी नहीं हुआ है, लेकिन इलाके में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।
यूएई में अमेरिकी बेस टारगेट
ईरान ने अबू धाबी स्थित अमेरिकी बेस को भी निशाना बनाया। हमले के बाद यूएई में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। सुरक्षा एजेंसियां संवेदनशील ठिकानों की निगरानी बढ़ा रही हैं।
कतर में नागरिकों को बंकर में जाने की सलाह
कतर में अमेरिकी ठिकाने पर हमले की खबरों के बीच अमेरिका ने अपने नागरिकों को बंकर में रहने की सलाह दी है। क्षेत्र में हवाई यातायात और सैन्य गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।
सऊदी अरब, कुवैत और जॉर्डन में भी अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाए जाने की सूचना है। इन देशों में सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई है।
Read More
















