पंजाब के लुधियाना में ड्रग और अवैध हथियारों का नेटवर्क संचालित करने वाले कुख्यात आरोपी पंकज राजपूत को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने गिरफ्तार कर लिया है। उसे शहर के जमालपुर स्थित पुनीत नगर इलाके से पकड़ा गया। गिरफ्तारी के बाद स्पेशल सेल पुलिस उसे दिल्ली ले गई, जहां दर्ज मामलों में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
रिश्तेदार के घर में छिपा था आरोपी
सूत्रों के अनुसार, पंकज राजपूत पिछले पांच दिनों से लुधियाना में अपने एक रिश्तेदार के घर छिपा हुआ था। दिल्ली पुलिस को सूचना मिलने पर कार्रवाई की गई। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तारी में स्थानीय पुलिस का सहयोग लिया गया।
16 से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज
पंकज राजपूत के खिलाफ लुधियाना के विभिन्न थानों डिवीजन नंबर-2, बस्ती जोधेवाल, डिवीजन नंबर-7 के अलावा संगरूर, फिरोजपुर और बठिंडा में 16 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। वर्ष 2023 में वह जमानत पर रिहा होने के बाद अमेरिका फरार हो गया था। इससे पहले 2019 में लुधियाना सेंट्रल जेल में बंद रहने के दौरान उसके पास से मोबाइल फोन भी बरामद हुआ था।
नेटवर्क से जुड़े कई मामले सामने आए
पिछले वर्षों में उसके ड्रग नेटवर्क से जुड़े कई बड़े मामले सामने आ चुके हैं। अगस्त 2025 में उसके सहयोगी से 1.05 किलो हेरोइन और अवैध हथियार बरामद हुए थे। मार्च 2023 में STF ने 2.230 किलो हेरोइन के साथ चार आरोपियों को गिरफ्तार किया था, जिनका संबंध पंकज राजपूत गिरोह से जोड़ा गया था।