भारतीय नौसेना में पहली बार कोई महिला फाइटर पायलट बनी है। सब-लेफ्टिनेंट आस्था पुनिया को फाइटर पायलट बनाया गया है। ऐसा करने वाली वह पहली महिला हैं। भारतीय नौसेना में टोही विमान और हेलिकॉप्टर स्ट्रीम में पहले से ही महिला पायलट हैं, लेकिन आस्था लड़ाकू विमान उड़ाएंगी। देश की सुरक्षा में नौसेना की अहम भूमिका होती है। अब इसमें आस्था की भूमिका और भी बढ़ जाएगी। नौसेना ने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी भी दी है।
भारतीय नौसेना ने एक्स पर एक पोस्ट शेयर की है। इसमें आस्था पुनिया की तस्वीर भी शामिल की गई है, नेवी ने पोस्ट में लिखा, ”नेवल एविएशन में एक नया अध्याय जुड़ गया है, भारतीय नौसेना ने 03 जुलाई 2025 को इंडियन नेवल एयर स्टेशन में द्वितीय बेसिक हॉक कन्वर्जन कोर्स के समापन के साथ एक ऐतिहासिक मील का पत्थर स्थापित किया, लेफ्टिनेंट अतुल कुमार ढुल और एसएलटी आस्था पुनिया को रियर एडमिरल जनक बेवली, एसीएनएस (वायु) ने ‘विंग्स ऑफ गोल्ड’ पुरस्कार दिया।”
नौसेना ने एक्स पोस्ट के जरिए बताया कि आस्था पुनिया नेवल एविएशन की फाइटर स्ट्रीम में शामिल होने वाली पहली महिला पायलट बनीं.
कौनसा फाइटर एयरक्राफ्ट उड़ाएंगी आस्था पुनिया
आस्था को कौन सा लड़ाकू विमान मिलेगा, इस बारे में अभी कोई आधिकारिक जानकारी नहीं है। भारतीय नौसेना के पास कुछ खास किस्म के लड़ाकू विमान हैं, जो INS विक्रमादित्य और आईएनएस विक्रांत से उड़ान भर सकते हैं। नौसेना के पास मिग-29 लड़ाकू विमान है। इसे खास तरह से डिजाइन किया गया है। इसकी लड़ाकू रेंज 722 किलोमीटर है, जबकि सामान्य रेंज 2346 किलोमीटर है। यह 450 किलोग्राम वजन के चार बम, मिसाइल और दूसरे हथियार ले जाने में सक्षम है।

