ऐप-कैब सेक्टर की दिग्गज कंपनी Uber अपने संगठनात्मक ढांचे में बड़ा बदलाव करने जा रही है। कंपनी करीब 3,300 कर्मचारियों को नौकरी से हटाने की योजना बना रही है। यह संख्या उसके कुल वर्कफोर्स की लगभग 10 फीसदी है। कोरोना महामारी के दौरान 2020 में हुई छंटनी के बाद यह Uber का सबसे बड़ा वर्कफोर्स कट माना जा रहा है। कंपनी का कहना है कि पुनर्गठन का उद्देश्य कामकाज की परतें कम करना, मैनेजमेंट को छोटा करना और परिचालन खर्च घटाना है।
20% तक घटेंगे मैनेजर
कंपनी के इस रीस्ट्रक्चरिंग प्लान का सबसे बड़ा असर उसके मैनेजमेंट ढांचे पर पड़ेगा। Uber में मैनेजरों की संख्या करीब 20 फीसदी तक कम की जाएगी। हालांकि कंपनी ने यह नहीं बताया है कि मौजूदा मैनेजरों में से कितने लोगों को सीधे नौकरी से बाहर किया जाएगा। छंटनी का असर केवल प्रबंधकीय पदों तक सीमित नहीं रहेगा और अन्य भूमिकाओं में काम कर रहे कर्मचारी भी इसकी चपेट में आएंगे। Uber की सालाना रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले साल के अंत तक कंपनी के दुनियाभर में लगभग 34,000 कर्मचारी थे। CEO दारा खोसरोशाही ने कर्मचारियों को भेजे ईमेल में बताया कि बीते वर्षों में तेज विस्तार के दौरान कंपनी में संगठन की अतिरिक्त परतें जुड़ गईं। उनका कहना है कि इससे निर्णय लेने की गति प्रभावित हुई और कई लोग मुख्य काम के बजाय अलग-अलग टीमों के बीच समन्वय जैसे कार्यों में लगे रहे।
शेयर में भी दिखा उतार-चढ़ाव
Uber का यह फैसला ऐसे समय आया है जब कंपनी के भविष्य को लेकर निवेशकों के बीच कुछ चिंताएं हैं। अमेरिका में Waymo जैसी ऑटोनॉमस राइड-हेलिंग कंपनियों का विस्तार पारंपरिक ऐप-कैब कारोबार के लिए नई चुनौती माना जा रहा है। बिना ड्राइवर चलने वाली टैक्सी सेवाओं के बढ़ते प्रभाव को लेकर बाजार में चिंता बढ़ी है। इसी वजह से Uber के शेयर में एक समय करीब 8 फीसदी तक गिरावट देखने को मिली थी और व्यापक S&P 500 इंडेक्स की तुलना में भी कंपनी के स्टॉक का प्रदर्शन कमजोर रहा है।
बचत का पैसा ग्रोथ और टेक्नोलॉजी में लगेगा
Uber अपने इंजीनियरिंग, साइंस और डिलीवरी से जुड़े अहम विभागों के ढांचे को भी सरल बनाएगी। कंपनी रेस्टोरेंट, रिटेल और व्हाइट-लेबल डिलीवरी से जुड़ी तीन अलग-अलग ऑपरेशंस टीमों को एक साथ लाने की योजना बना रही है। CEO खोसरोशाही के अनुसार, इस बदलाव से जो पैसा बचेगा, उसे आगे ग्रोथ, इनोवेशन और नई तकनीकों पर खर्च किया जाएगा।
कंपनी ड्राइवरों, डिलीवरी कूरियर्स और दुनियाभर के मर्चेंट्स के लिए निवेश बढ़ाने की तैयारी में है। साथ ही Uber अपने मौजूदा कारोबार को मजबूत करने और आने वाले समय में ऑटोनॉमस यानी बिना ड्राइवर वाली सेवाओं के विस्तार के लिए खुद को तैयार कर रही है। CEO के ईमेल में AI का सीधे तौर पर उल्लेख नहीं किया गया, लेकिन कंपनी के कामकाज में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और ऑटोमेशन का इस्तेमाल बढ़ाने की दिशा में भी बदलाव किए जा रहे हैं।
Read More
श्रीकृष्ण जन्मभूमि पहुंचे CM योगी, गर्भगृह में ‘लाला’ के किए दर्शन, चांदी से सजा मंदिर देख निहारे भगवान