India-Nepal Relations: नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को नई दिल्ली के हैदराबाद हाउस में मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय बातचीत से पहले उपहारों का आदान-प्रदान हुआ। नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह ने पीएम मोदी को पशुपतिनाथ का रुद्राक्ष और चंदन भेंट किया। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह को त्रिवेणी से लाया गया पवित्र गंगाजल भेंट किया। पशुपतिनाथ मंदिर का रुद्राक्ष धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व रखता है।
भारत-नेपाल के बीच इन मुद्दों पर हुई चर्चा
प्रधानमंत्री मोदी और बालेन शाह की बैठक का मुख्य उद्देश्य भारत और नेपाल के बीच द्विपक्षीय संबंधों को नई गति देना और सहयोग के नए रास्ते तलाशना है। दोनों नेताओं ने आपसी हित से जुड़े क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया। बैठक के एजेंडे में कई महत्वपूर्ण विषय शामिल रहे।
व्यापार और निवेश- दोनों देशों के बीच आर्थिक संबंधों को मजबूत करने और निवेश के नए अवसर तलाशने पर चर्चा हुई।
जलविद्युत और ऊर्जा- बिजली उत्पादन और सीमा पार ऊर्जा व्यापार में सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया गया।
रेल और हवाई कनेक्टिविटी- भारत और नेपाल के बीच परिवहन सुविधाओं को बेहतर बनाने पर बातचीत हुई।
सीमा पार परिवहन- दोनों देशों के बीच आवाजाही और व्यापार को आसान बनाने के उपायों पर चर्चा हुई।
इंफ्रास्ट्रक्चर का विकास- सड़क, रेल और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विकास में सहयोग बढ़ाने पर विचार किया गया।
सरयू-कमला एक्सप्रेस को लेकर भी अहम पहल
इस यात्रा का एक प्रमुख आकर्षण सरयू-कमला एक्सप्रेस का वर्चुअल उद्घाटन हो सकता है। यह नई यात्री ट्रेन सेवा उत्तर प्रदेश के अयोध्या कैंट को नेपाल के जनकपुर धाम से जोड़ेगी। इस रेल सेवा के शुरू होने से दोनों देशों के बीच धार्मिक पर्यटन और यात्रियों की आवाजाही को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। खासतौर पर अयोध्या और जनकपुर के बीच सीधा संपर्क बनने से श्रद्धालुओं को सुविधा मिल सकती है।
नेपाल को मिल सकती है 2 अरब डॉलर तक की मदद
भारत और नेपाल की बातचीत में आर्थिक सहायता का मुद्दा भी काफी अहम है। नेपाल में अगस्त में आई विनाशकारी बाढ़ से बड़े पैमाने पर जान-माल का नुकसान हुआ था। बाढ़ के कारण वहां के बुनियादी ढांचे को भी भारी क्षति पहुंची थी। ऐसे में पुनर्निर्माण कार्यों में मदद के लिए भारत 2 अरब डॉलर तक के विकास सहायता पैकेज पर चर्चा कर रहा है।
इस आर्थिक सहायता का उद्देश्य नेपाल में बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों का पुनर्निर्माण और जरूरी बुनियादी सुविधाओं को दोबारा मजबूत करना है। इसके अलावा दोनों देश जलविद्युत परियोजनाओं और सीमा पार बिजली व्यापार में सहयोग बढ़ाने की संभावनाओं पर भी विचार कर रहे हैं।
नेपाल-भारत बिजनेस फोरम से बढ़ेगा निवेश
इस यात्रा के दौरान नेपाल-भारत बिजनेस फोरम का आयोजन भी किया जाएगा। इसका मुख्य उद्देश्य दोनों देशों के कारोबारियों को एक मंच पर लाना, निवेश को प्रोत्साहित करना और व्यावसायिक संबंधों को मजबूत करना है।
नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह के साथ आए प्रतिनिधिमंडल में वित्त मंत्री स्वर्णिम वागले, विदेश मंत्री शिशिर खनाल और मुख्य सलाहकार कुमार ब्यंजनकर शामिल हैं। इसके अलावा नेपाल का एक व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल भी भारत पहुंचा है।
गौरतलब है कि मार्च में प्रधानमंत्री पद संभालने के बाद बालेन शाह की यह पहली विदेश यात्रा है। उनके इस दौरे को भारत और नेपाल के रिश्तों के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। दोनों देशों के बीच व्यापार, ऊर्जा, परिवहन और विकास के क्षेत्र में सहयोग बढ़ने से द्विपक्षीय संबंधों को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।
Read More:

