HomeBreaking NewsPM मोदी का आज गुजरात-महाराष्ट्र दौरा, वडोदरा में Gen-Z से सीधा संवाद,...

PM मोदी का आज गुजरात-महाराष्ट्र दौरा, वडोदरा में Gen-Z से सीधा संवाद, मुंबई में GFF 2026 का करेंगे उद्घाटन

PM Modi Gujarat and Maharashtra Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार यानी आज गुजरात और महाराष्ट्र के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह 35,000 करोड़ रुपये से ज्यादा की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे। पीएम मोदी सबसे पहले वडोदरा पहुंचेंगे, जहां वह कई परियोजनाओं की शुरुआत करने के साथ एक सभा को संबोधित करेंगे। इस दौरान उनका Gen-Z युवाओं के साथ सीधा संवाद भी होगा।

युवाओं के लिए खास कार्यक्रम

वडोदरा में प्रधानमंत्री को सुनने और इस खास कार्यक्रम का हिस्सा बनने के लिए बड़ी संख्या में युवाओं ने ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराया है। कार्यक्रम स्थल पर करीब 1 किलोमीटर लंबा विशाल डोम तैयार किया गया है। इसके अलावा लगभग 700 मीटर लंबा रेड कार्पेट स्टेज बनाया गया है। पीएम मोदी इसी रेड कार्पेट पर पैदल चलते हुए लोगों का अभिवादन स्वीकार करेंगे और Gen-Z युवाओं और प्रबुद्ध नागरिकों से संवाद करेंगे।

WDFC के तीन बड़े हिस्से होंगे देश को समर्पित

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कल जानकारी दी थी कि,’कल, 8 सितंबर को वडोदरा, नवसारी और मुंबई में होने वाले कार्यक्रमों में शामिल होऊंगा। इनमें 35,000 करोड़ रुपये से ज्यादा की अहम परियोजनाओं का उद्घाटन या शिलान्यास और पश्चिमी समर्पित माल ढुलाई गलियारे के तीन प्रमुख खंडों को देश को समर्पित करना शामिल है। इससे लॉजिस्टिक्स क्षेत्र को बहुत बढ़ावा मिलेगा।’

20,700 करोड़ की परियोजनाओं से बढ़ेगी कनेक्टिविटी

पीएम मोदी 20,700 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से तैयार पश्चिमी समर्पित माल ढुलाई गलियारे (WDFC) के 326 किलोमीटर लंबे तीन अहम खंड देश को समर्पित करेंगे। इनमें साणंद (उत्तर)-मकरपुरा, न्यू उमरगांव-न्यू सफाले और न्यू सफाले-जवाहरलाल नेहरू बंदरगाह प्राधिकरण (JNPA) खंड शामिल हैं।

आयात-निर्यात और माल ढुलाई होगी आसान

JNPA से सीधी संपर्क सुविधा मिलने से आयात-निर्यात माल की आवाजाही तेज होगी। इससे औद्योगिक केंद्रों और बंदरगाहों के बीच कनेक्टिविटी मजबूत होगी, माल ढुलाई की लागत कम होगी और मुंबई के रेल नेटवर्क पर दबाव घटेगा। इन खंडों के शुरू होने के बाद समर्पित माल ढुलाई गलियारे (DFC) का पूरा नेटवर्क परिचालन में आ जाएगा।

कई मालगाड़ी सेवाओं को हरी झंडी

पीएम मोदी न्यू साणंद (उत्तर), न्यू मकरपुरा, न्यू उमरगांव और मुंबई के न्यू जेएनपीटी से मालगाड़ी सेवाओं को हरी झंडी दिखाएंगे। इसके अलावा वडोदरा और टांडा रोड के बीच नई ट्रेन सेवा भी शुरू की जाएगी। इससे वडोदरा, छोटा उदयपुर और अलीराजपुर जिलों के लोगों को लाभ मिलेगा।

9,700 करोड़ की तीन रेलवे परियोजनाओं की नींव

प्रधानमंत्री 329 किलोमीटर लंबी और 9,700 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली तीन रेलवे परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे। इनमें वडोदरा-रतलाम तीसरी एवं चौथी रेल लाइन, मियागाम करजन-चोरांडा-मालसर गेज परिवर्तन परियोजना और विश्वामित्री-दभोई रेल लाइन दोहरीकरण परियोजना शामिल हैं। इसके अलावा करीब 1,780 करोड़ रुपये की तीन राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का भी शिलान्यास होगा।

गुजरात सरकार की 2,600 करोड़ की परियोजनाएं

पीएम मोदी गुजरात सरकार की करीब 2,600 करोड़ रुपये की कई परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन भी करेंगे। इसके बाद वह मुंबई जाएंगे और ‘ग्लोबल फिनटेक फेस्ट’ (GFF) 2026 का उद्घाटन करेंगे।

GFF 2026 में दुनिया भर के एक्सपर्ट्स जुटेंगे

ग्लोबल फिनटेक फेस्ट वित्तीय प्रौद्योगिकी से जुड़े दुनिया के सबसे बड़े और प्रभावशाली वार्षिक सम्मेलनों में शामिल है। इसका सातवां संस्करण 8 से 11 सितंबर तक आयोजित हो रहा है। GFF 2020 से ऐसे अंतरराष्ट्रीय मंच के रूप में उभरा है, जहां नीति निर्माता, नियामक, केंद्रीय बैंक, वित्तीय संस्थान, फिनटेक और टेक्नोलॉजी कंपनियां, निवेशक, शिक्षाविद और अन्य वैश्विक हितधारक वित्त क्षेत्र के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करते हैं।

Read More:

चीन-पाकिस्तान की चालें फेल! भारत ने तैयार किया ‘चिकन नेक 2.0’, 2,077 करोड़ से बनेगा महा-हाईवे

Yogita Tyagi
Yogita Tyagihttps://mhone.in/
योगिता त्यागी एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, मनोरंजन, धर्म और लाइफस्टाइल विषयों में विशेष रुचि है। वर्तमान में वह Mhone News के राजनीतिक, धर्म और मनोरंजन सेक्शन के लिए सक्रिय रूप से लेखन कर रही हैं। डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ, उन्होंने अपने करियर में कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों- जैसे दैनिक भास्कर, पंजाब केसरी, इंडिया डेली लाइव और ITV नेटवर्क में योगदान दिया है। योगिता ने गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (GGSIPU) से मास कम्युनिकेशन और जर्नलिज्म में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है, जिसने उनके डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में गहन, प्रभावशाली और विश्वसनीय लेखन की मजबूत नींव रखी है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments