देशभर के उपभोक्ताओं के लिए डेयरी सेक्टर से बड़ी खबर सामने आई है। अमूल ने दूध(Amul Milk) की कीमतों में बढ़ोतरी करने का फैसला लिया है जिससे आम लोगों की रसोई का बजट प्रभावित हो सकता है। कंपनी की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, दूध के दाम में 2 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि की गई है। नई कीमतें देशभर में एक समान लागू की जा रही हैं यानी अलग-अलग राज्यों और शहरों में अमूल दूध अब बढ़ी हुई दरों पर मिलेगा।
यह नई दरें 14 मई से लागू हो चुकी हैं। ऐसे में अब ग्राहकों को अमूल दूध खरीदने के लिए पहले के मुकाबले ज्यादा कीमत चुकानी होगी। रोजाना दूध इस्तेमाल करने वाले परिवारों पर इसका सीधा असर देखने को मिल सकता है खासकर उन घरों में जहां दूध की खपत अधिक है।
जानकारों का क्या है कहना ?
डेयरी बाजार से जुड़े जानकारों का मानना है कि दूध उत्पादन लागत, पशु चारे की बढ़ती कीमतें और परिवहन खर्च में इजाफा जैसी वजहों के चलते कंपनियां समय-समय पर कीमतों में संशोधन करती हैं। हालांकि, लगातार बढ़ती महंगाई के बीच यह फैसला उपभोक्ताओं की जेब पर अतिरिक्त बोझ बढ़ा सकता है।
अमूल देश की सबसे बड़ी डेयरी सहकारी संस्थाओं में से एक है और उसके उत्पादों का इस्तेमाल करोड़ों लोग करते हैं। ऐसे में दूध की कीमतों में यह बदलाव घरेलू खर्च पर व्यापक असर डाल सकता है।