Illegal Immigrants: जब से पश्चिम बंगाल में अवैध घुसपैठियों पर नकेल कसी गई है तभी से देशभर में पुलिस और सरकार बांग्लादेशी नागरिकों के खिलाफ सख्ताई बरत रही है। सरकार घुसपैठियों को देशभर से ढूंढ़-ढूंढकर निकाल रही है और वापस बांग्लादेश भेज रही है। राष्ट्रीय सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए गुरुग्राम पुलिस ने भी अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया है। इसी कड़ी में क्राइम ब्रांच ने शहर के अलग-अलग इलाकों में विशेष जांच अभियान के दौरान 13 बांग्लादेशी नागरिकों को हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार सभी लोग बिना वैध दस्तावेजों के गुरुग्राम में रह रहे थे और अब कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद उन्हें बांग्लादेश वापस भेजा जाएगा।
गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई
डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस (क्राइम) हितेश यादव के नेतृत्व में क्राइम ब्रांच सेक्टर-39 की टीम ने गुप्त सूचना मिलने के बाद निर्माणाधीन साइट्स और झुग्गी बस्तियों में सघन जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान 13 ऐसे लोगों की पहचान की गई जो वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। पुलिस का दावा है कि उनके पास से बांग्लादेशी नागरिकता से जुड़े दस्तावेज भी बरामद हुए हैं, जिसके बाद उन्हें हिरासत में लिया गया।
एजेंट की मदद से भारत में प्रवेश का खुलासा
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि पकड़े गए सभी लोग कालियागंज बॉर्डर के रास्ते एक बांग्लादेशी एजेंट की सहायता से भारत में दाखिल हुए थे। इसके बाद वे गुरुग्राम पहुंचकर मजदूर बनकर काम करने लगे और निर्माण स्थलों और झुग्गी बस्तियों में रह रहे थे। पुलिस अब उनके भारत आने और यहां रहने से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
कई इलाकों में जारी है अभियान
गुरुग्राम पुलिस के अनुसार शहर में झुग्गी-झोपड़ियों, कॉलोनियों, किराए के मकानों, औद्योगिक क्षेत्रों और होटलों में रहने वाले लोगों के दस्तावेजों की लगातार जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि यह अभियान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और अवैध रूप से रह रहे लोगों की पहचान करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है।
लोगों से सहयोग की अपील
पुलिस ने नागरिकों और रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (RWA) से अपील की है कि यदि किसी संदिग्ध या अवैध विदेशी नागरिक की जानकारी मिले तो उसकी सूचना तुरंत 112 या नजदीकी पुलिस स्टेशन को दें। साथ ही किराएदारों, घरेलू सहायकों और कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन कराने की भी सलाह दी गई है।
मानेसर रिपोर्ट हाउस में रखे गए सभी आरोपी
पुलिस ने साफ किया है कि वैध भारतीय और विदेशी नागरिकों को किसी प्रकार की चिंता करने की जरुरत नहीं है और किसी निर्दोष व्यक्ति को परेशान नहीं किया जाएगा। फिलहाल पकड़े गए सभी बांग्लादेशी नागरिकों को गुरुग्राम के मानेसर रिपोर्ट हाउस में रखा गया है। कागजी कार्रवाई पूरी होने के बाद उन्हें डिपोर्ट कर बांग्लादेश भेजा जाएगा। पुलिस ने अभियान को लेकर अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है।
Read More:

