HomeBreaking Newsग्वालियर ट्रक हादसे पर राष्ट्रपति मुर्मू, PM मोदी और CM मोहन यादव...

ग्वालियर ट्रक हादसे पर राष्ट्रपति मुर्मू, PM मोदी और CM मोहन यादव ने जताया शोक, किया मुआवजे का ऐलान

Gwalior Truck Accident: मध्य प्रदेश के ग्वालियर में नवरात्रि के दौरान शीतला माता मंदिर के पास देर रात हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। अनाज से भरा तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर श्रद्धालुओं और सड़क किनारे लगी दुकानों को रौंदता हुआ मंदिर के गेट तक जा पहुंचा। हादसे में अब तक लगभग 15 श्रद्धालुओं की मौत हो चुकी है, जबकि 33 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं।

पहाड़ी से बेकाबू हुआ ट्रक

जानकारी के मुताबिक, हादसा बीती रात करीब डेढ़ बजे शीतला माता मंदिर रोड पर हुआ। नवरात्रि के कारण मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे। इसी दौरान पहाड़ी से नीचे आते समय ट्रक चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया। इसके बाद ट्रक ढलान से तेजी से नीचे आया और रास्ते में मौजूद दुकानों और लोगों को कुचलता चला गया।

मौके पर मची चीख-पुकार

टक्कर इतनी भीषण थी कि घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। पुलिस और प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। मृतकों और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों में महिलाएं, बच्चे और दो पुलिसकर्मी भी शामिल बताए गए हैं। कुछ घायलों की हालत बेहद गंभीर है और मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई गई है।

परिजनों में दिखा आक्रोश

हादसे के बाद पोस्टमॉर्टम हाउस के बाहर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। एसएसपी धर्मवीर सिंह यादव के वहां पहुंचने पर मृतकों के परिजन आक्रोशित हो गए और पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। परिजनों ने सवाल उठाया कि जिस जगह साइकिल तक आसानी से नहीं जा सकती, वहां भारी ट्रक कैसे पहुंच गया। इस सवाल के चलते हादसे की परिस्थितियों और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

CM मोहन यादव ने किया मुआवजे का ऐलान

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। गंभीर रूप से घायलों को 2-2 लाख रुपये और अन्य घायलों को 50-50 हजार रुपये देने के निर्देश दिए गए हैं। सरकार ने सभी घायलों का नि:शुल्क इलाज कराने की बात कही है।

सीएम ने जताई संवेदना

मुख्यमंत्री ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘ग्वालियर में हुए ट्रक हादसे में श्रद्धालुओं की मृत्यु का समाचार अत्यंत हृदयविदारक है. इस दुःख की घड़ी में राज्य सरकार सभी प्रभावित परिवारों के साथ है. सभी मृतकों के परिजनों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं.’ उन्होंने बाबा महाकाल से दिवंगतों को श्रीचरणों में स्थान देने और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की।

राष्ट्रपति और PM मोदी ने भी जताया दुख

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी हादसे पर शोक व्यक्त किया है। राष्ट्रपति ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। प्रधानमंत्री ने भी मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की।

PMNRF से भी मिलेगी सहायता

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से PMO के ‘एक्स’ हैंडल पर जारी संदेश के मुताबिक, प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। वहीं घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता मिलेगी।

मंत्रियों को ग्वालियर भेजने के निर्देश

मुख्यमंत्री ने राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी और घायलों के बेहतर इलाज के लिए मंत्रियों ऐदल सिंह कंसाना और राकेश शुक्ला को ग्वालियर पहुंचने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर रुचिका सिंह चौहान और एसएसपी धर्मवीर सिंह यादव भी घटनास्थल पर पहुंचे और राहत कार्यों की निगरानी की।

Read More:

मैथिली ठाकुर के कार्यक्रम के नाम पर लाखों की ठगी! संतोष पोद्दार गिरफ्तार, फर्जीवाड़े का हुआ खुलासा

Yogita Tyagi
Yogita Tyagihttps://mhone.in/
योगिता त्यागी एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, मनोरंजन, धर्म और लाइफस्टाइल विषयों में विशेष रुचि है। वर्तमान में वह Mhone News के राजनीतिक, धर्म और मनोरंजन सेक्शन के लिए सक्रिय रूप से लेखन कर रही हैं। डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ, उन्होंने अपने करियर में कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों- जैसे दैनिक भास्कर, पंजाब केसरी, इंडिया डेली लाइव और ITV नेटवर्क में योगदान दिया है। योगिता ने गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (GGSIPU) से मास कम्युनिकेशन और जर्नलिज्म में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है, जिसने उनके डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में गहन, प्रभावशाली और विश्वसनीय लेखन की मजबूत नींव रखी है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments