Delhi Police Issues Advisory For Journalists: नई दिल्ली में प्रदर्शनों की कवरेज करने वाले पत्रकारों के लिए दिल्ली पुलिस ने नई एडवाइजरी जारी की है। पुलिस ने कहा है कि मौके पर जाने वाले सभी पत्रकार अपने संस्थान का वैध ID कार्ड या PIB/DIP का मान्यता प्राप्त कार्ड साथ रखें। पहचान आसानी से हो सके, इसके लिए ID कार्ड को हर समय सामने और साफ दिखाई देने वाली जगह पर लगाकर रखने की सलाह दी गई है।
पुलिस कार्रवाई में बाधा न बने कवरेज
दिल्ली पुलिस ने पत्रकारों को यह भी सुनिश्चित करने को कहा है कि उनकी मौजूदगी या गतिविधि से पुलिस ऑपरेशन और सुरक्षाकर्मियों की आवाजाही प्रभावित न हो। तनावपूर्ण स्थिति में पत्रकारों को सुरक्षित दूरी से कवरेज और रिकॉर्डिंग करने की सलाह दी गई है। साथ ही, उन्हें प्रदर्शनकारियों से अलग रहकर रिपोर्टिंग करने को कहा गया है।
महिला प्रदर्शनकारियों से मारपीट के दावों पर सफाई
प्रदर्शन के दौरान महिला प्रदर्शनकारियों के साथ कथित मारपीट को लेकर सोशल मीडिया पर सामने आए दावों पर दिल्ली पुलिस ने स्पष्टीकरण जारी किया है। पुलिस ने कहा कि महिला प्रदर्शनकारियों के साथ शारीरिक मारपीट किए जाने के आरोप ‘निराधार और भ्रामक’ हैं। पुलिस के मुताबिक महिला प्रदर्शनकारियों को महिला पुलिसकर्मी ही संभालती हैं और उनके साथ गरिमा और उचित सम्मान के साथ व्यवहार किया जाता है।
DCP नई दिल्ली ने क्या कहा?
DCP नई दिल्ली की ओर से सोशल मीडिया पर जारी बयान में कहा गया कि कुछ सोशल मीडिया अकाउंट्स पर महिला प्रदर्शनकारियों के साथ शारीरिक मारपीट किए जाने का दावा किया जा रहा है। दिल्ली पुलिस ने इन आरोपों को खारिज करते हुए उन्हें ‘निराधार और भ्रामक’ बताया है।
हिरासत और रिहाई पर भी पुलिस का बयान
पुलिस ने कहा कि महिला प्रदर्शनकारियों को महिला स्टाफ द्वारा संभाला जाता है और उनके साथ गरिमा उचित सम्मान के साथ व्यवहार किया जाता है। हिरासत में लेने और रिहा करने की प्रक्रिया को लेकर भी पुलिस ने कहा कि यह लागू कानून और निर्धारित प्रक्रियाओं के अनुसार की जाती है।
पुरुष प्रदर्शनकारियों को लेकर दावा
दिल्ली पुलिस के मुताबिक हिरासत में लिए गए पुरुष प्रदर्शनकारियों को भी निर्धारित समय के भीतर कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए रिहा कर दिया गया। पुलिस ने कहा कि प्रदर्शन से जुड़े मामलों में हिरासत और रिहाई की कार्रवाई तय कानूनी प्रक्रिया के तहत की जा रही है।
Read More:

