अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रूथ सोशल पर एक बयान जारी करते हुए ब्राजील के राष्ट्रपति चुनाव के बजाय गलती से भारत के राष्ट्रपति चुनाव का जिक्र कर दिया। ट्रंप ब्राजील में मतदान के कुछ ही घंटों भीतर तेजी से आए चुनावी नतीजों की तारीफ कर रहे थे, लेकिन जल्दबाजी में उन्होंने ब्राजील की जगह भारत लिख दिया। इस पोस्ट के सामने आते ही अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उनकी इस चूक की चर्चा शुरू हो गई।

अमेरिकी चुनाव प्रक्रिया को बताया ‘भ्रष्ट’
ब्राजील की तेज मतगणना प्रणाली की सराहना करते हुए डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिका के चुनावी ढांचे पर तीखा हमला बोला। उन्होंने लिखा कि अमेरिका के डेट्रॉइट, फिलाडेल्फिया, कैलिफॉर्निया और अन्य प्रमुख राज्यों में जहां चुनावी मुकाबला कड़ा होता है, वहां वोटों की गिनती पूरी होने में कई हफ्तों का समय लग जाता है। ट्रंप ने इस देरी पर नाराजगी जताते हुए स्पष्ट शब्दों में लिखा कि अमेरिका में वोटिंग की प्रक्रिया भ्रष्ट हो चुकी है।
ब्राजील चुनाव: फ्लावियो बोल्सोनारो ने बनाई बढ़त
दूसरी ओर, ब्राजील में हुए राष्ट्रपति चुनाव के प्रथम चरण के बेहद दिलचस्प आंकड़े सामने आए हैं। 99 प्रतिशत से अधिक वोटों की गिनती पूरी होने तक पूर्व राष्ट्रपति जायर बोल्सोनारो के बेटे फ्लावियो बोल्सोनारो ने बढ़त हासिल कर ली है। फ्लावियो बोल्सोनारो को कुल 47.2% मत प्राप्त हुए हैं, जबकि ब्राजील के वर्तमान राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला डी सिल्वा 45% वोटों के साथ दूसरे स्थान पर खिसक गए हैं।
25 अक्टूबर को होगा अंतिम रनऑफ मुकाबला
ब्राजील के निर्वाचन नियमों के मुताबिक सीधे जीत दर्ज करने के लिए किसी भी प्रत्याशी को स्पष्ट बहुमत हासिल करना आवश्यक होता है। दोनों में से किसी भी उम्मीदवार को 50 फीसदी का आंकड़ा न मिलने के बाद देश की इलेक्टोरल कोर्ट ने आधिकारिक फैसला सुनाया है। अब लूला डी सिल्वा और फ्लावियो बोल्सोनारो के बीच 25 अक्टूबर को दूसरे चरण का अंतिम यानी ‘रनऑफ’ मुकाबला आयोजित किया जाएगा।
राष्ट्रपति लूला ने नतीजों को बताया अप्रत्याशित
चुनाव के इस रुझान पर प्रतिक्रिया देते हुए वर्तमान राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला डी सिल्वा ने माना कि यह परिणाम पूरी तरह अप्रत्याशित हैं। लूला ने कहा कि उन्हें पूरा विश्वास था कि वे पहले ही दौर की वोटिंग में बहुमत हासिल कर जीत दर्ज कर लेंगे। हालांकि, उन्होंने अपने समर्थकों को आश्वस्त करते हुए कहा कि वे हार नहीं मानेंगे और अगले ही दिन से एक नए जोश के साथ अपने दूसरे चरण के चुनावी अभियान की शुरुआत करेंगे।
READ MORE: दिल्ली में पुलिस-बदमाशों के बीच ताबड़तोड़ मुठभेड़, 26 राउंड फायरिंग, 2 बदमाश मोहम्मद कैफ और जसीम घायल