HomeBreaking Newsफ्लाईदुबई कांड में बड़ा खुलासा, फ्लाइट को क्रैश कराने की रची थी...

फ्लाईदुबई कांड में बड़ा खुलासा, फ्लाइट को क्रैश कराने की रची थी साजिश? ओमानी को-पायलट ने उड़ते विमान के दोनों इंजन कर दिए थे बंद

Flydubai Incident: दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की FZ1073 फ्लाइट में हाईजैक की कोशिश को लेकर जांच में नया दावा सामने आया है। इटली के अखबार Corriere della Sera की रिपोर्ट के मुताबिक, ओमानी को-पायलट हमान अल-हम्मामी ने कैप्टन स्मित मच्छार पर हमला करने के बाद विमान पर नियंत्रण हासिल करने की कोशिश की। जांचकर्ताओं को संदेह है कि उसने दोनों इंजनों तक ईंधन पहुंचाने वाले स्विच भी बंद कर दिए थे। हालांकि, यह तथ्य अभी जांच के दायरे में है।

तेल अवीव में टकराने की योजना

रिपोर्ट में इजरायली इंटेलिजेंस का हवाला देते हुए दावा किया गया है कि अल-हम्मामी का कथित उद्देश्य विमान को तेल अवीव ले जाकर शहर की किसी ऊंची इमारत से टकराना था। रिपोर्ट के अनुसार, जब यह योजना सफल होती नहीं दिखी तो उसने विमान को रेगिस्तान में गिराने की कोशिश की।

कॉकपिट में कैप्टन पर हमला

घटना के दौरान अल-हम्मामी ने कॉकपिट में नमाज पढ़ने का बहाना बनाया और फिर कैप्टन स्मित मच्छार पर हमला कर दिया। कैप्टन के सिर और हाथ में गंभीर चोटें आईं। उन्होंने कॉकपिट का दरवाजा खोलने की कोशिश की, लेकिन दरवाजा बंद कर दिया गया। इसके बावजूद घायल कैप्टन ने दोबारा कोशिश की और दरवाजा खोलने में सफल रहे। इसके बाद कुछ यात्रियों और दो ऑफ-ड्यूटी पायलटों ने कॉकपिट में पहुंचकर स्थिति संभालने की कोशिश की।

विमान तेजी से नीचे आया

Corriere della Sera के मुताबिक, अल-हम्मामी को जब लगा कि उसका मूल प्लान पूरा नहीं हो सकता तो उसने विमान को रेगिस्तान की ओर गिराने की कोशिश की। रिपोर्ट के अनुसार, उसने ऑटोपायलट बंद कर कंट्रोल स्टिक को दबाया, जिसके बाद करीब 30 सेकंड में विमान लगभग 16 हजार फीट नीचे आ गया। उसने विमान के कंट्रोल्स को नुकसान पहुंचाने की भी कोशिश की, लेकिन यात्रियों ने उसे काबू कर लिया।

यात्री ने संभाला कंट्रोल

रिपोर्ट के अनुसार, यानिव हयून नाम के एक प्लंबर ने कंट्रोल स्टिक को अपनी ओर खींचकर विमान को और नीचे जाने से रोकने में मदद की। इसके बाद दो ऑफ-ड्यूटी पायलटों ने विमान का नियंत्रण संभाला और स्थिति को काबू में किया।

इमरजेंसी लाइट ने बढ़ाया संदेह

घटना से जुड़े एक वीडियो में विमान के केबिन में इमरजेंसी लाइटें जलती दिखाई देने का दावा किया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, ये लाइटें सामान्य तौर पर आपात स्थिति में यात्रियों को विमान से बाहर निकलने में मदद करती हैं। जांचकर्ताओं का मानना है कि इतनी ऊंचाई पर इनका एक्टिव होना विमान की बिजली आपूर्ति से जुड़ी असामान्य स्थिति की ओर इशारा कर सकता है। बोइंग 737 में मुख्य बिजली आपूर्ति बाधित होने पर बैटरी पावर एक्टिव हो सकती है और ऐसी स्थिति में इमरजेंसी लाइटें जल सकती हैं। यह जनरेटर या दोनों इंजनों के बंद होने की स्थिति में भी हो सकता है।

जांच में अकेले काम करने का दावा

सीएनएन के अनुसार, एक इजरायली अधिकारी ने कहा कि जांच से मिली जानकारी के आधार पर अल-हम्मामी ने घटना को अकेले अंजाम दिया। एक अन्य इजरायली सूत्र के मुताबिक, अभी तक उसके किसी संगठन या सरकार से संबंध की जानकारी नहीं मिली है। संयुक्त अरब अमीरात और इजरायल के साथ-साथ सऊदी अरब भी मामले की जांच कर रहा है, क्योंकि विमान ने वहां आपात लैंडिंग की थी।

174 यात्री थे सवार

30 सितंबर को हुई इस घटना में फ्लाईदुबई की FZ1073 फ्लाइट दुबई से तेल अवीव जा रही थी। विमान में 174 यात्री सवार थे। कैप्टन स्मित मच्छार पर हमले के बाद विमान कुछ ही मिनटों में हजारों फीट नीचे आ गया था। घायल होने के बावजूद कैप्टन ने कॉकपिट का दरवाजा खोलकर यात्रियों और चालक दल को खतरे का संकेत दिया, जिसके बाद यात्रियों और ऑफ-ड्यूटी पायलटों की मदद से विमान को संभाला गया।

Read More:

आतंकी हाशिम मूसा का एनकाउंटर होने के 5 दिन बाद जंगल में मिला दवाइयों-खाने से भरा बैग, लोकल सपोर्ट नेटवर्क पर पुलिस का शिकंजा

Yogita Tyagi
Yogita Tyagihttps://mhone.in/
योगिता त्यागी एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, मनोरंजन, धर्म और लाइफस्टाइल विषयों में विशेष रुचि है। वर्तमान में वह Mhone News के राजनीतिक, धर्म और मनोरंजन सेक्शन के लिए सक्रिय रूप से लेखन कर रही हैं। डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ, उन्होंने अपने करियर में कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों- जैसे दैनिक भास्कर, पंजाब केसरी, इंडिया डेली लाइव और ITV नेटवर्क में योगदान दिया है। योगिता ने गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (GGSIPU) से मास कम्युनिकेशन और जर्नलिज्म में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है, जिसने उनके डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में गहन, प्रभावशाली और विश्वसनीय लेखन की मजबूत नींव रखी है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments