CM Bhagwant Singh Mann on Pargat Singh: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने रविवार को विधायक परगट सिंह को कांग्रेस की पंजाब इकाई का नया अध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्होंने परगट सिंह के हॉकी करियर का जिक्र करते हुए कहा कि वह खुद हॉकी के प्रशंसक हैं और पंजाब विधानसभा में उन्हें अक्सर ‘कप्तान साहब’ कहकर संबोधित करते हैं।
हॉकी कप्तान के तौर पर किया याद
परगट सिंह की नियुक्ति को लेकर पूछे गए सवाल पर CM भगवंत सिंह मान ने कहा, मैं उन्हें बधाई देना चाहता हूं। मैं पंजाब विधानसभा में उन्हें कप्तान साहब कहकर बुलाता हूं। वह हमारी हॉकी टीम के कप्तान रह चुके हैं और मैं हॉकी का प्रशंसक हूं।
CM मान ने दी खास सलाह
बधाई देने के साथ ही मुख्यमंत्री ने कांग्रेस के अंदर टीमवर्क की जरूरत की ओर इशारा करते हुए तंज भी किया। उन्होंने उम्मीद जताई कि कांग्रेस में उनके बाकी साथी भी परगट सिंह को उसी तरह पास देंगे, जैसे हॉकी के खेल में खिलाड़ी एक-दूसरे को पास देते हैं, क्योंकि तभी गोल संभव हो सकता है। CM मान ने कहा, ”मैं परगट सिंह को बधाई देना चाहता हूं। मुझे उम्मीद है कि उनके खिलाड़ी उनका साथ देंगे।” उन्होंने हॉकी का उदाहरण देते हुए आगे कहा, “अगर आप पास नहीं देंगे, तो गोल नहीं हो सकता।”
परगट बोले- टीम में अच्छे खिलाड़ी
कांग्रेस की पंजाब इकाई का अध्यक्ष बनाए जाने के बाद परगट सिंह ने शनिवार को कहा था कि पूर्व हॉकी खिलाड़ी के तौर पर वह सभी को साथ लेकर चलने की कोशिश करेंगे। पार्टी के नेताओं का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, मैंने हमेशा फुल-बैक के रूप में, पीछे रहकर खेला है और मुझे लगता है कि हमारी टीम में बहुत अच्छे खिलाड़ी हैं।
राजा वड़िंग के बाद मिली जिम्मेदारी
कांग्रेस ने अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग के इस्तीफे के बाद शुक्रवार को परगट सिंह को पंजाब कांग्रेस का अध्यक्ष नियुक्त किया। राज्य नेतृत्व को लेकर कई हफ्तों से चल रही अंदरूनी कलह के बीच कांग्रेस ने वड़िंग को पद से हटा दिया था। इस विवाद के चलते अगले साल की शुरुआत में होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए पार्टी के अभियान पर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही थी।
दो ओलंपिक में संभाली कप्तानी
परगट सिंह भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान रह चुके हैं। उन्होंने 1992 और 1996 के ओलंपिक में भारतीय टीम की अगुवाई की थी। हॉकी के बाद उन्होंने राजनीति में कदम रखा और अपनी राजनीतिक पारी की शुरुआत शिरोमणि अकाली दल के साथ की। बाद में वह कांग्रेस में शामिल हो गए।
तीन बार विधायक रह चुके हैं
परगट सिंह जालंधर कैंट विधानसभा क्षेत्र से तीन बार विधायक रह चुके हैं और पंजाब सरकार में पूर्व कैबिनेट मंत्री भी रहे हैं। अब कांग्रेस ने उन्हें प्रदेश संगठन की कमान ऐसे समय सौंपी है, जब पार्टी के सामने आगामी विधानसभा चुनाव से पहले संगठन को मजबूत करने और नेताओं के बीच बेहतर तालमेल बनाने की बड़ी चुनौती है।
Read More:


[…] CM मान ने पंजाब कांग्रेस के नए अध्यक्ष प… […]