Flydubai Flight Incident: दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान FZ1073 में हुए गंभीर कॉकपिट हमले के बाद मामले में ईरान का संभावित कनेक्शन सामने आया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि उन्हें मिल रही जानकारी के आधार पर ओमानी को-पायलट के ईरान से संबंध होने की संभावना है। हालांकि, ट्रंप ने इस दावे के समर्थन में कोई ठोस सबूत या खुफिया जानकारी सार्वजनिक नहीं की है। मामले की जांच अभी जारी है।
‘जो मैं सुन रहा हूं, उसके आधार पर जवाब हां है’- ट्रंप
व्हाइट हाउस में पत्रकारों ने ट्रंप से पूछा कि क्या उन्हें विमान घटना में शामिल को-पायलट और ईरान के बीच किसी संभावित संबंध की जानकारी मिली है। ट्रंप ने कहा, “हम अभी इस पर काम कर रहे हैं।” जब उनसे दोबारा ईरान से किसी कनेक्शन की संभावना के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, “जो मैं सुन रहा हूं, उसके आधार पर मैं कहूंगा कि जवाब हां है, लेकिन हम अभी इस पर काम कर रहे हैं।”
ईरान पर कार्रवाई को लेकर चेतावनी
जब ट्रंप से पूछा गया कि अगर जांच में विमान घटना के पीछे ईरान की भूमिका साबित होती है तो क्या अमेरिका तेहरान के खिलाफ कार्रवाई करेगा, उन्होंने कहा, “ओह, उन्हें बहुत कड़ी मार पड़ेगी, चिंता मत करो।” ट्रंप ने आगे कहा, “बस उनसे पूछिए। उन्हें पता है कि क्या हुआ है। उन्हें बहुत कड़ी मार पड़ेगी।”
अभी ईरान की भूमिका साबित नहीं
ट्रंप के बयान से ईरान और विमान घटना के बीच संभावित संबंध का संकेत जरूर मिलता है, लेकिन फिलहाल सार्वजनिक रूप से ऐसा कोई ठोस सबूत सामने नहीं आया है जिससे ईरान की भूमिका की पुष्टि हो। इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भी कहा है कि ईरान से किसी संबंध पर अभी निष्कर्ष निकालना जल्दबाजी होगी।
को-पायलट की विचारधारा को लेकर भी जांच
इस बीच घटना में शामिल ओमानी को-पायलट को लेकर इजरायली अधिकारियों की ओर से गंभीर दावे किए गए हैं। रिपोर्टों के मुताबिक, उसके सोशल मीडिया अकाउंट और निजी जानकारी की जांच में कथित तौर पर कट्टरपंथी इस्लामी विचारधारा से प्रभावित होने के संकेत मिलने की बात कही गई है। हालांकि, जांच एजेंसियां अभी घटना के वास्तविक मकसद और किसी संभावित साजिश की पड़ताल कर रही हैं।
34 हजार फीट की ऊंचाई पर हुआ हमला
30 सितंबर 2026 को दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान FZ1073 में ओमानी को-पायलट ने भारतीय मूल के कप्तान स्मित माछर पर हमला किया। घटना के दौरान विमान तेजी से नीचे जाने लगा और कुछ ही समय में करीब 14,000 फीट की ऊंचाई गंवा बैठा।
घायल कप्तान ने बचाया विमान
हमले में घायल होने के बावजूद कप्तान स्मित माछर ने कॉकपिट का दरवाजा खोलने में कामयाबी हासिल की। इसके बाद यात्रियों और क्रू के सदस्यों ने हमलावर को काबू करने में मदद की। विमान में मौजूद अन्य पायलटों ने स्थिति संभाली और विमान को सऊदी अरब के तबूक एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतारा गया।
सऊदी ने UAE को सौंपा आरोपी
सऊदी अरब ने उस को-पायलट को संयुक्त अरब अमीरात (UAE) को सौंप दिया है, जिस पर दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 में कैप्टन पर चाकू से हमला करने का आरोप है। बताया जा रहा है कि आरोपी ओमान का नागरिक है। उस पर फ्लाइट के कैप्टन स्मित मच्छार पर हमला करने और विमान पर कब्ज़ा करने की कोशिश करने का आरोप है।
कई देशों में चल रही जांच
घटना के बाद संयुक्त अरब अमीरात, सऊदी अरब और इजरायल समेत संबंधित एजेंसियां मामले की जांच कर रही हैं। जांच का फोकस हमले के मकसद, किसी संभावित आतंकी संबंध, पूर्व योजना और को-पायलट के संभावित संपर्कों पर है। फिलहाल किसी अंतिम निष्कर्ष की घोषणा नहीं हुई है।
Read More:

