जालंधर(Jalandhar) में बुधवार देर रात एक व्यापारी की कार से कैश से भरा बैग चोरी होने का मामला सामने आया है। घटना केसर पेट्रोल पंप के बाहर हुई। चोरी की पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिसमें एक नाबालिग कार से बैग निकालकर ले जाता दिखाई दे रहा है।
जानकारी के मुताबिक, भाटिया इलेक्ट्रॉनिक्स के मालिक के परिवार की कार का टायर पंचर हो गया था। व्यापारी गाड़ी का पंचर लगवा रहे थे और उस समय कार से कुछ ही दूरी पर मौजूद थे। इसी दौरान मौका देखकर चोर कार से बैग लेकर निकल गए।
टायर में तीन जगह किए गए थे सुए
घटना में चोरों के तरीके ने भी पुलिस को हैरान किया है। कार के टायर में तीन अलग-अलग जगह सुए मारे गए थे। हालांकि ट्यूबलेस टायर होने की वजह से गाड़ी तुरंत नहीं रुकी। व्यापारी करीब दो किलोमीटर तक कार चलाते रहे, लेकिन इसके बाद टायर की हवा काफी कम हो गई।
इसके बाद उन्हें पंचर लगवाने के लिए रुकना पड़ा। आशंका जताई जा रही है कि इसी दौरान आरोपियों ने चोरी को अंजाम दिया।
दुकान बंद करने से पहले रेकी का शक
भाटिया इलेक्ट्रॉनिक्स के गुनीत पाल सिंह के मुताबिक, चोरी हुआ बैग उनके भाई सरण पाल सिंह की कार में रखा था। बैग में करीब 10 लाख रुपये नकद थे। परिवार को शक है कि आरोपियों ने दुकान बंद होने से पहले ही व्यापारी की गतिविधियों पर नजर रखनी शुरू कर दी थी और कार का पीछा किया होगा।
पुलिस को दी गई सूचना
वारदात के बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। घटना के तुरंत बाद केसर पेट्रोल पंप के मालिकों ने वहां की सीसीटीवी रिकॉर्डिंग पुलिस को सौंप दी। फुटेज में एक नाबालिग बैग ले जाते हुए नजर आ रहा है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और घटना से जुड़े अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों की पहचान और तलाश में जुटी है।
[…] जालंधर में व्यापारी की कार से ₹10 लाख से… […]