Delhi-Amritsar Highway Accident: दिल्ली से श्री माता वैष्णो देवी दर्शन के लिए कटड़ा जा रही एक वॉल्वो बस दिल्ली-अमृतसर नेशनल हाईवे पर हादसे का शिकार हो गई। राजपुरा के पास पतारसी कलां गांव में बस आगे चल रहे ट्राले से टकरा गई। हादसे में बस चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 15 लोग घायल हो गए। इनमें से छह की हालत गंभीर होने पर उन्हें चंडीगढ़ के अस्पताल में रेफर किया गया है।
बस में सवार थे 42 श्रद्धालु
जानकारी के अनुसार हादसे के समय बस में करीब 42 श्रद्धालु सवार थे, जो श्री माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए कटड़ा जा रहे थे। मृतक चालक की पहचान इंद्रजीत सिंह के रूप में हुई है। हादसे के बाद बस में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और कई यात्री बस के अंदर फंस गए।
राहत और बचाव कार्य तुरंत शुरू
दुर्घटना के तुरंत बाद राहगीरों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलते ही डीएसपी, थाना प्रभारी और थाना मूलेपुर की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया। इसके बाद घायलों को एंबुलेंस के जरिए सिविल अस्पताल फतेहगढ़ साहिब पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक शुरुआती जांच में हादसे की वजह बस की तेज रफ्तार मानी जा रही है। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस ने मृतक चालक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है, ताकि हादसे के सही कारणों का पता लगाया जा सके।
Read More:

