Gurmeet Ram Rahim Parole: डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम को एक बार फिर पैरोल मिल गई है। हरियाणा सरकार ने उसकी 30 दिनों की पैरोल मंजूर की है। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद मंगलवार सुबह करीब 6:30 बजे वह रोहतक की सुनारिया जेल से बाहर आया। जेल से निकलते ही उसे पंजाब और हरियाणा पुलिस की कड़ी सुरक्षा में लिया गया।
सुरक्षा के बीच सिरसा डेरा पहुंचाया गया
सुरक्षा एजेंसियों ने कानून-व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए राम रहीम को भारी पुलिस काफिले के साथ सीधे सिरसा स्थित डेरा सच्चा सौदा मुख्यालय के लिए रवाना किया। प्रशासन की ओर से पूरे रास्ते सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए थे। बताया जा रहा है कि पैरोल अवधि के दौरान भी उसकी गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी।
16वीं बार मिला पैरोल या फरलो का फायदा
यह पहली बार नहीं है जब राम रहीम को जेल से अस्थायी राहत मिली हो। साल 2020 से लेकर मई 2026 तक उसे कुल 16 बार पैरोल या फरलो मिल चुकी है। इससे पहले 5 जनवरी 2026 को उसे 40 दिनों की पैरोल दी गई थी। उस दौरान वह सिरसा स्थित डेरा आश्रम में ही रहा था। पैरोल अवधि खत्म होने के बाद उसे दोबारा सुनारिया जेल भेज दिया गया था।
2017 से जेल में बंद है डेरा प्रमुख
गुरमीत राम रहीम सिंह साल 2017 से रोहतक की सुनारिया जेल में बंद है। उसे दो साध्वियों से दुष्कर्म के मामले में 10-10 साल की सजा सुनाई गई थी। इसके अलावा पत्रकार रामचंद्र छत्रपति हत्या हत्या मामले में भी उसे उम्रकैद की सजा मिली हुई है। इन मामलों में दोषी ठहराए जाने के बाद से वह लगातार जेल में है।
पैरोल को लेकर सरकार पर सवाल
राम रहीम को बार-बार पैरोल और फरलो दिए जाने को लेकर हरियाणा सरकार विपक्ष और सामाजिक संगठनों के निशाने पर रही है। विरोधी दलों का आरोप रहा है कि सरकार डेरा प्रमुख पर लगातार मेहरबानी दिखा रही है। हालांकि डेरा सच्चा सौदा के पंजाब, हरियाणा और राजस्थान समेत कई राज्यों में बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद हैं, जिसके कारण हर बार उसकी रिहाई एक मुद्दा बन जाती है।
कब-कब मिली पैरोल और फरलो
राम रहीम को अक्टूबर 2020 में 1 दिन की पैरोल, मई 2021 में 1 दिन की पैरोल, फरवरी 2022 में 21 दिन की फरलो, जून 2022 में 30 दिन की पैरोल और अक्टूबर 2022 में 40 दिन की पैरोल मिली थी। इसके बाद जनवरी 2023 में 40 दिन, जुलाई 2023 में 30 दिन और नवंबर 2023 में 21 दिन की फरलो दी गई।
2024 से 2026 तक लगातार मिली पैरोल
जनवरी 2024 में 50 दिन की पैरोल, अगस्त 2024 में 21 दिन की फरलो और अक्टूबर 2024 में 20 दिन की पैरोल दी गई। वहीं जनवरी 2025 में 30 दिन, अप्रैल 2025 में 21 दिन की फरलो और अगस्त 2025 में 40 दिन की पैरोल मिली। जनवरी 2026 में 40 दिन की पैरोल के बाद अब मई 2026 में उसे फिर 30 दिनों की पैरोल दी गई है।
Read More:

