पाकिस्तान में सक्रिय आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के सरगना मसूद अजहर(Masood Azhar) के भाई मोहम्मद ताहिर अनवर के निधन की खबर सामने आई है। उसकी मौत की पुष्टि जैश के आधिकारिक चैनल के जरिए की गई है। संगठन ने उसे अपना वरिष्ठ नेता बताते हुए श्रद्धांजलि दी है। जानकारी के मुताबिक, ताहिर अनवर का अंतिम संस्कार बहावलपुर में जामिया मस्जिद उस्मान वाली के पास किया गया।
हालांकि, उसकी मौत किस कारण से हुई, इसे लेकर अब तक कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है। न तो किसी बीमारी का जिक्र किया गया है और न ही किसी हादसे की बात सामने आई है। ऐसे में उसकी मौत को लेकर कई तरह के सवाल खड़े हो रहे हैं और अटकलों का दौर जारी है कि आखिर वजह को सार्वजनिक क्यों नहीं किया जा रहा।
लंबे समय से जैश-ए-मोहम्मद का था हिस्सा
ताहिर अनवर लंबे समय से जैश-ए-मोहम्मद से जुड़ा हुआ था और संगठन की गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाता था। वह मसूद अजहर के पांच भाइयों में से एक था और आतंकी नेटवर्क के कई अहम कामों को संभालता था। पिछले कुछ समय से पाकिस्तान में अलग-अलग आतंकी संगठनों से जुड़े लोगों की मौत की घटनाएं सामने आई हैं। कई मामलों में हमलों की आशंका भी जताई गई है, हालांकि ताहिर अनवर के मामले में अब तक किसी हमले या साजिश के ठोस संकेत नहीं मिले हैं।
परिवार में कई सदस्यों की हुई मौत
मसूद अजहर के परिवार को लेकर भी बीते समय में कई घटनाएं चर्चा में रही हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारत के ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान बहावलपुर में हुए हवाई हमलों में उसके परिवार के कई सदस्यों की मौत की खबर सामने आई थी, जिनमें उसकी बहन और अन्य रिश्तेदार शामिल बताए गए थे।
जैश-ए-मोहम्मद को पाकिस्तान से संचालित एक बड़ा आतंकी संगठन माना जाता है, जिसका नाम भारत में कई बड़े हमलों से जुड़ता रहा है। संसद हमले से लेकर पठानकोट और पुलवामा जैसी घटनाओं में इस संगठन की भूमिका को लेकर आरोप लगते रहे हैं। मसूद अजहर भारत की मोस्ट वांटेड सूची में शामिल है और लंबे समय से सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आया है, हालांकि उसके पाकिस्तान में सक्रिय रहने की खबरें समय-समय पर सामने आती रही हैं।