अयोध्या से श्री लक्ष्मी नारायण महायज्ञ में शामिल होकर लौट रहे श्रद्धालुओं की यात्रा अचानक हादसे में बदल गई। मऊ जिले में उनकी बस देर रात एक पेड़ से टकरा गई, जिसमें लगभग 40 लोग घायल हो गए। खुशी और भक्ति से भरा माहौल देखते ही देखते चीख-पुकार और अफरा-तफरी में बदल गया।
यह दुर्घटना मऊ(Mau Bus Accident) जिले के हलधरपुर थाना क्षेत्र में रतनपुरा-मुबारकपुर मार्ग पर रात करीब 1:30 बजे हुई। बस अयोध्या से बलिया की ओर जा रही थी, तभी अचानक चालक का नियंत्रण खो गया और बस सड़क किनारे पेड़ से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। अधिकांश यात्री उस समय सो रहे थे, जिससे उन्हें संभलने का मौका भी नहीं मिला।
हादसे के बाद मची अफरा-तफरी
हादसे के तुरंत बाद बस में सवार लोगों में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बिना देर किए राहत कार्य शुरू कर दिया। स्थानीय लोगों ने घायलों को बस से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
घायलों को जिला अस्पताल किया गया रैफर
घायलों को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जोगापुर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल मऊ रेफर कर दिया गया। घायलों में महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग भी शामिल हैं। कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है और उनका इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि ये सभी श्रद्धालु 20 मार्च से 28 मार्च तक अयोध्या में आयोजित श्री लक्ष्मी नारायण महायज्ञ में भाग लेने के बाद अपने घर बलिया लौट रहे थे, तभी रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य में जुट गई। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। वहीं, भाजपा जिला अध्यक्ष रामाश्रय मौर्य भी जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना, साथ ही हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।