Nepal PM Balen Shah Oath Ceremony: नेपाल में नई राजनीतिक शुरुआत के साथ 35 वर्षीय बालेन शाह ने देश के 47वें प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ले ली है। उन्हें रामचंद्र पौडेल ने संविधान के अनुच्छेद 76(1) के तहत पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण समारोह काठमांडू स्थित राष्ट्रपति भवन शीतल निवास में आयोजित हुआ, जिसमें उनके मंत्रिमंडल ने भी शपथ ली।
रिकॉर्ड जीत के बाद सत्ता तक पहुंचे
बालेन शाह की राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी ने 5 मार्च को हुए आम चुनाव में 275 में से 182 सीटें जीतकर ऐतिहासिक सफलता हासिल की। इस प्रचंड बहुमत के बाद उन्होंने प्रधानमंत्री पद संभाला। शपथ के दौरान बालेन पारंपरिक नेपाली टोपी में नजर आए और समारोह में कई प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं।
परंपरा और आस्था के बीच हुआ शपथ ग्रहण
शुक्रवार दोपहर 12:34 बजे हुए इस समारोह में हिंदू रीति-रिवाजों का विशेष ध्यान रखा गया। सात शंखनादकों ने शंखध्वनि के साथ कार्यक्रम की शुरुआत की, जिसे शुभ और मंगलकारी माना जाता है। खास बात यह रही कि रामनवमी के पावन दिन यह शपथ ग्रहण हुआ, जिससे कार्यक्रम का महत्व और बढ़ गया।
परिवार के साथ दिखे भावुक पल
समारोह के दौरान बालेन शाह का पारिवारिक पक्ष भी देखने को मिला। उनकी पत्नी सबीना और बेटी मंच पर मौजूद रहीं। एक भावुक पल में उन्होंने अपनी बेटी को गोद में उठाया, जिसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई हैं।
चार बार के पीएम को दी कड़ी टक्कर
बालेन शाह ने चुनाव में चार बार प्रधानमंत्री रह चुके केपी शर्मा ओली को उनके गढ़ झापा-5 सीट पर हराकर बड़ा राजनीतिक संदेश दिया। उनकी जीत को नेपाल की राजनीति में बदलाव और युवाओं के बढ़ते प्रभाव के रूप में देखा जा रहा है।
युवाओं के बीच लोकप्रिय ‘नायक’
बालेन शाह को खासकर युवाओं के बीच एक नए विकल्प और ‘नायक’ के रूप में देखा जा रहा है। जन-आंदोलनों और युवाओं की आकांक्षाओं को लेकर उनकी सक्रियता ने उन्हें तेजी से लोकप्रिय बनाया।
इंजीनियर से प्रधानमंत्री तक का सफर
27 अप्रैल 1990 को काठमांडू में जन्मे बालेन शाह का शैक्षणिक बैकग्राउंड इंजीनियरिंग का रहा है। उन्होंने काठमांडू से स्नातक करने के बाद भारत की विश्वेश्वरैया टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी से स्ट्रक्चरल इंजीनियरिंग में मास्टर डिग्री हासिल की। तकनीकी समझ और प्रशासनिक अनुभव ने उन्हें काठमांडू महानगर के मेयर के रूप में भी अलग पहचान दिलाई। नेपाल की जनता को अब इस युवा नेतृत्व से बड़े बदलाव की उम्मीद है, जो देश की राजनीति और विकास की दिशा को नई रफ्तार दे सकता है।
Read More:
महाराष्ट्र विधानसभा में बड़ी सुरक्षा चूक आई सामने, नकली एंट्री पास बनाने वाले 5 आरोपी गिरफ्तार…

