उत्तराखंड के नैनीताल जिले के खुपी क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक गंभीर सड़क हादसा(Nainital Accident) हुआ, जिसमें हल्द्वानी से पिथौरागढ़ जा रही यात्रियों से भरी बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई और कई अन्य यात्री घायल हो गए। घायल यात्रियों को तुरंत तिवाड़ी अस्पताल में भर्ती कराया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया और घायलों को त्वरित इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कैसे हुआ हादसा ?
यह घटना खुपी स्थित भवानी रोड पर सुबह करीब साढ़े सात बजे हुई। हल्द्वानी से पिथौरागढ़ जा रही बस अनियंत्रित हो गई थी। ड्राइवर ने बताया कि बस को बचाने के प्रयास में अचानक मोड़ लेने के चक्कर में यह पलट गई। हादसे के बाद वहां चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोग घटनास्थल पर जमा हो गए।
मौके पर बचाव और राहत कार्य
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। SDRF सब-इंस्पेक्टर मनीष भाकुनी ने बताया कि लगभग 7.30 बजे उन्हें बस पलटने की सूचना मिली थी। उन्होंने कहा कि सिविल पुलिस पहले ही घायलों को अस्पताल पहुंचा चुकी थी। इस हादसे में एक व्यक्ति की मृत्यु हो गई, जिसका शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
मुख्यमंत्री धामी ने जताया दुख
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा कि हल्द्वानी से पिथौरागढ़ जा रही बस के हादसे का समाचार अत्यंत दुखद है। उन्होंने स्थानीय प्रशासन को घायलों के लिए तत्काल अस्पताल में इलाज सुनिश्चित करने और आवश्यकता पड़ने पर गंभीर रूप से घायल यात्रियों को एयरलिफ्ट करने के निर्देश दिए। सीएम ने मां नैना देवी से सभी यात्रियों की सुरक्षित वापसी की प्रार्थना भी की।
प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य जारी रखा है। इस दुर्घटना ने न केवल यात्रियों के लिए खौफ पैदा किया, बल्कि स्थानीय प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों के सतर्क रहने की आवश्यकता भी उजागर की है। घटना की जांच भी शुरू कर दी गई है, ताकि हादसे के कारणों का सही पता लगाया जा सके।