Weather Upadate: जुलाई के आखिरी हफ्ते में बारिश का इंतजार खत्म हो गया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार मंगलवार से देश के अधिकांश हिस्सों में मानसून पूरी तरह एक्टिव रहेगा। उत्तर-पश्चिम, मध्य, पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी से अत्यधिक भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग का कहना है कि इस दौरान लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिलेगी, लेकिन कई इलाकों में मौसम से जुड़े खतरे भी बढ़ सकते हैं।
दिल्ली-UP समेत कई राज्यों में होगी अच्छी बारिश
IMD के मुताबिक आज से दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर बारिश शुरू हो सकती है। कुछ इलाकों में हल्की बारिश होगी तो कई जगहों पर तेज या भारी बारिश दर्ज की जा सकती है। मौसम में बदलाव के साथ ठंडी हवाएं चलने से तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को चिपचिपी गर्मी से राहत मिलेगी।
पहाड़ी राज्यों के लिए भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर के लद्दाख क्षेत्र में आज से अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश की संभावना जताई है। वैज्ञानिकों के अनुसार इन राज्यों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं भी चल सकती हैं। इस दौरान हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा या उससे अधिक रहने का अनुमान है। लगातार बारिश के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा बढ़ सकता है, जबकि मैदानी इलाकों में नदियों का जलस्तर बढ़ने और अचानक बाढ़ आने की आशंका भी बनी हुई है।
राजस्थान, MP और छत्तीसगढ़ में भी बढ़ेगी बारिश
IMD के अनुसार राजस्थान में मानसून की गतिविधियां तेज हो रही हैं। खासकर पूर्वी राजस्थान में 28 जुलाई से 2 अगस्त के बीच तेज से अत्यधिक भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में भी बारिश बढ़ सकती है। इसके अलावा मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ क्षेत्र में भी अच्छी बारिश होने का अनुमान है।
तापमान में आएगी गिरावट
देश के अधिकांश हिस्सों में बारिश बढ़ने के साथ तापमान में भी गिरावट देखने को मिलेगी। उत्तर भारत के कई शहरों में अधिकतम तापमान 30 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, जो सामान्य से कई डिग्री कम रहेगा। दिल्ली-एनसीआर में अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। इससे मौसम सुहावना रहेगा, जबकि पहाड़ी राज्यों में तापमान इससे भी अधिक नीचे जा सकता है।
अगले 7 दिनों तक जारी होगी बारिश
भारतीय मौसम विभाग ने अगले सात दिनों तक मानसून के एक्टिव बने रहने का अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार पूरे हफ्ते और अगस्त के शुरुआती दिनों में उत्तर-पश्चिम भारत, मध्य भारत और पूर्वी राजस्थान में बारिश देखने को मिल सकती है। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर और पूर्वी राजस्थान में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में भी समय-समय पर तेज बारिश और गरज-चमक की स्थिति बनने की संभावना है। ऐसे में मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है।
Read More:

