पंजाब राज्य में बीजेपी नशे के खिलाफ अपना व्यापक अभियान शुरु करने जा रही है। इस मुहीम में पार्टी ने नशे के खिलाफ अपना एक नारा भी बनाया है जो है ‘भाजपा का नारा नशा मिटाना सारा’ इस नारे के तहत आज नशा मुक्ति को समर्पित चार यात्राएं निकाली जाएंगी। इन चारों यात्राओं का आखिरि पड़ाव जालंधर(Jalandhar) होगा जहां पर 30 सितंबर की तारीख को समापन का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
पहली यात्रा 18 सितंबर को पठानकोट के माधोपुर स्थित एकता स्थल से शुरू होगी। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन इसे रवाना करेंगे। यह यात्रा पठानकोट, गुरदासपुर और अमृतसर सहित कई विधानसभा क्षेत्रों से होते हुए तरनतारन, फिरोजपुर और कपूरथला क्षेत्र को पार कर जालंधर पहुंचेगी।
दूसरी यात्रा फतेहगढ़ साहिब से
नशा मुक्ति अभियान के तहत दूसरी यात्रा 19 सितंबर को फतेहगढ़ साहिब से शुरू होगी। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता इसे हरी झंडी दिखाएंगी। रवाना होने से पहले वह गुरुद्वारा श्री ज्योति स्वरूप में नतमस्तक होंगी। इसके बाद यात्रा समराला, खन्ना, फतेहगढ़ साहिब, मोहाली, रोपड़ और होशियारपुर समेत कई इलाकों से गुजरते हुए जालंधर पहुंचेगी।
तीसरी यात्रा फाजिल्का से
20 सितंबर को तीसरी यात्रा फाजिल्का के सादिकी बॉर्डर स्थित आसफवाला 1971 युद्ध स्मारक से शुरू होगी। केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल इसे रवाना करेंगे। यात्रा मुक्तसर, फरीदकोट, मोगा और लुधियाना के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों से होकर जालंधर पहुंचेगी।
चौथी यात्रा तलवंडी साबो से
चौथी यात्रा 21 सितंबर को तलवंडी साबो स्थित गुरुद्वारा श्री दमदमा साहिब में नमन के बाद शुरू होगी। इसे केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी हरी झंडी दिखाएंगे। यात्रा बठिंडा, मानसा, बरनाला, संगरूर और पटियाला समेत कई क्षेत्रों से होकर जालंधर जाएगी।
30 सितंबर को जालंधर में समापन
चारों यात्राओं का 30 सितंबर को जालंधर में समापन होगा। इस मौके पर भाजपा की ओर से जनसभा आयोजित की जाएगी, जिसे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह संबोधित करेंगे।