प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के मौके पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अंगदान का संकल्प लिया है। उन्होंने दिल्ली में अंगदान को बढ़ावा देने के लिए तैयार किए गए स्टेट ऑर्गन एंड टिश्यू ट्रांसप्लांट ऑर्गनाइजेशन (SOTO) के आधिकारिक मंच का उद्घाटन किया और इस पोर्टल पर अंगदान की घोषणा करने वाली पहली डोनर बनीं। जरूरी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने उन्हें प्रमाण पत्र भी जारी किया।
हृदय से लेकर किडनी और लिवर तक दान करने की घोषणा
प्रमाण पत्र के अनुसार मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मृत्यु के बाद अपने हृदय, आंत, पैंक्रियाज, लिवर, किडनी, फेफड़े और बोन समेत अन्य महत्वपूर्ण अंगों को दान करने की घोषणा की है। इन अंगों का इस्तेमाल जरूरतमंद मरीजों के उपचार और जीवन बचाने के लिए किया जा सकेगा। मुख्यमंत्री ने अंगदान को मानवता से जुड़ा महत्वपूर्ण कार्य बताया और लोगों से भी इस अभियान में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि SOTO को केंद्र सरकार की व्यवस्था के अनुरूप तैयार किया गया है। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के दौरान शुरू किए गए इस आधिकारिक मंच के जरिए दिल्ली में अंगदान को लेकर जागरूकता बढ़ाने और ज्यादा लोगों को इसके लिए प्रेरित करने का प्रयास किया जाएगा।
रक्तदान शिविर में भी CM ने किया रक्तदान
पीएम मोदी के जन्मदिन पर दिल्ली सरकार की ओर से कई जनसेवा कार्यक्रम आयोजित किए गए। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और दिल्ली बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने इस अवसर पर आयोजित रक्तदान शिविर में रक्तदान किया। मुख्यमंत्री के मुताबिक मेगा ब्लड डोनेशन कैंप में 2,500 यूनिट रक्त जुटाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि दिल्ली के हजारों लोगों के इस अभियान से जुड़ने की उम्मीद है। उनका कहना है कि जनभागीदारी के जरिए सेवा से जुड़े ऐसे प्रयासों को और व्यापक बनाया जा सकता है।
PM की लंबी उम्र के लिए प्रार्थना
रेखा गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा पर जोर देने से प्रेरणा लेते हुए दिल्ली सरकार ने कई पहल शुरू की हैं। उनके मुताबिक पीएम के जन्मदिन पर आयोजित कार्यक्रमों का उद्देश्य जनसेवा और राष्ट्रसेवा के संदेश को आगे बढ़ाना है। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर बाबा श्याम खाटू मंदिर में 108 कुंडीय हवन भी आयोजित किया गया। इसमें प्रधानमंत्री की लंबी उम्र, अच्छे स्वास्थ्य और देश की निरंतर सेवा के लिए प्रार्थना की गई। रेखा गुप्ता ने बताया कि उन्होंने पहले ही SOTO के सरकारी प्लेटफॉर्म पर पहली डोनर के रूप में पंजीकरण कराने की घोषणा की थी। मंच के लॉन्च के साथ उन्होंने यह औपचारिक प्रक्रिया पूरी कर दी।
Read More
पंजाब सरकार और साझा मुलाजिम मोर्चा ने की संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस, 8% DA बढ़ाने पर बनी सहमति…

