जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद के खिलाफ सुरक्षा एजेंसियों की कार्रवाई लगातार जारी है। आतंकियों के साथ-साथ उनके मददगारों पर भी नजर रखी जा रही है। इसी कड़ी में सुरक्षा एजेंसियों ने श्रीनगर(Srinagar) के प्रसिद्ध लाल चौक इलाके में चार वांछित आतंकवादियों के पोस्टर और बैनर लगाए हैं।
इन पोस्टरों के जरिए आम लोगों से अपील की गई है कि वे इन व्यक्तियों के बारे में कोई भी पुख्ता जानकारी मिलने पर सुरक्षा एजेंसियों को सूचित करें। सही जानकारी देने वालों को इनाम देने की भी घोषणा की गई है।
अलग-अलग जिलों के रहने वाले हैं चारों वांछित
पोस्टरों में जिन चार लोगों के नाम और तस्वीरें दी गई हैं वे कश्मीर के अलग-अलग इलाकों से बताए गए हैं। इनमें सोपोर के बिलाल अहमद मीर और मोहम्मद उमर मीर, कुलगाम के मोहम्मद लतीफ भट और बारामूला के आबिद कयूम लोन शामिल हैं।
बताया गया है कि मोहम्मद लतीफ भट पर इस साल जुलाई में अनंतनाग में एक पुलिसकर्मी की हत्या में शामिल होने का आरोप है। सुरक्षा एजेंसियों ने लोगों से इन सभी के बारे में जानकारी साझा करने की अपील की है।
जानकारी देने वालों की पहचान रखी जाएगी गुप्त
लाल चौक जैसे प्रमुख सार्वजनिक स्थान पर पोस्टर लगाने का उद्देश्य लोगों को जागरूक करना और आतंकवाद के खिलाफ अभियान में उनका सहयोग लेना है। एजेंसियों ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
लोगों से अपील की गई है कि यदि उन्हें इन व्यक्तियों की मौजूदगी, गतिविधियों या ठिकाने से जुड़ी कोई विश्वसनीय जानकारी मिलती है, तो पोस्टर पर दिए गए संपर्क नंबरों के जरिए सुरक्षा एजेंसियों को सूचित करें।
अक्टूबर में मुठभेड़ के दौरान दो आतंकी ढेर
इससे पहले 17 अक्टूबर को उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के केरन सेक्टर स्थित जुमगुंड इलाके में सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ हुई थी। अधिकारियों के मुताबिक, LoC के पास संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर जवानों ने तलाशी अभियान शुरू किया था।
इस दौरान सुरक्षा बलों ने दो आतंकवादियों को मार गिराया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, संदिग्ध समूह में तीन से चार लोग शामिल थे जो नियंत्रण रेखा पार करने की कोशिश कर रहे थे। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा बलों का तलाशी अभियान जारी रखा गया था।
[…] श्रीनगर के लाल चौक पर आतंकियों के पोस्… […]