बिहार के मोकामा से विधायक अनंत सिंह(Anant Singh) अपनी बेटी की शादी को यादगार बनाने के लिए बड़े स्तर पर तैयारियां कर रहे हैं। इस विवाह समारोह में राजनीति से लेकर फिल्म और संगीत जगत की कई जानी-मानी हस्तियों के शामिल होने की उम्मीद है।
अनंत सिंह ने शादी का निमंत्रण पत्र साझा करते हुए बताया कि इस खास मौके पर सभी राजनीतिक दलों के नेताओं और अपने करीबी लोगों को आमंत्रित किया जा रहा है। उनका कहना है कि शादी जैसे खुशी के अवसर पर राजनीति और दलगत मतभेदों की कोई जगह नहीं होती।
नीतीश कुमार से लालू यादव तक जाएगा न्योता
अनंत सिंह खुद अपने मित्रों और परिचितों से मिलकर उन्हें शादी का निमंत्रण दे रहे हैं। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि उनकी बेटी की शादी में देश-विदेश से आने वाले सभी मेहमानों का स्वागत है। उन्होंने यहां तक कहा कि मेहमान चाहे भारत से आएं या पाकिस्तान से, सभी का सम्मान के साथ स्वागत किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव समेत सत्ता पक्ष और विपक्ष के बड़े नेताओं को भी विवाह समारोह में बुलाया जा रहा है। उनकी इच्छा है कि सभी राजनीतिक दलों के नेता एक साथ आकर नवविवाहित जोड़े को आशीर्वाद दें।
बॉलीवुड और भोजपुरी कलाकारों की रहेगी धूम
इस शादी में राजनीतिक हस्तियों के साथ मनोरंजन जगत के कई बड़े चेहरे भी नजर आ सकते हैं। अनंत सिंह के मुताबिक, अभिनेता सोनू सूद, फिल्म ‘धुरंधर’ से चर्चा में आईं आयशा खान, मनोज तिवारी, विशाल मिश्रा, मैथिली ठाकुर, रवि किशन, अक्षरा सिंह और पवन सिंह सहित करीब 36 कलाकारों को आमंत्रित किया गया है। इसके अलावा दुबई से छह मॉडल भी समारोह में पहुंचेंगे।
पैतृक गांव में तैयार हो रहा भव्य मंडप
विवाह समारोह को लेकर अनंत सिंह के पैतृक गांव में तैयारियां जोरों पर हैं। शादी से जुड़े पारंपरिक पूजा-पाठ और धार्मिक कार्यक्रम शुरू हो चुके हैं। मेहमानों के स्वागत के लिए विशाल मंडप तैयार किया जा रहा है। गांव में सजावट से लेकर अन्य जरूरी व्यवस्थाओं तक पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।