Karthigai Deepam 2026: तमिलनाडु के मदुरै स्थित थिरुपरनकुंड्रम पहाड़ी पर लंबे विवाद के बाद 28 नवंबर को पारंपरिक दीपथून स्तंभ पर कार्तिगई दीपम प्रज्वलित किया गया। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद शाम करीब 5 बजे कड़ी सुरक्षा के बीच यह धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुआ।
इस दौरान हजारों श्रद्धालु मौजूद रहे और भगवान मुरुगन के जयकारों से पूरा परिसर गूंज उठा। करीब 30 किलो घी, 50 मीटर लंबी बाती और 5 किलो कपूर से प्रज्वलित इस महादीपम के साथ भगवान शिव के अग्नि स्तंभ और भगवान मुरुगन के विवाह से जुड़ी पौराणिक मान्यताएं भी चर्चा में हैं।
30 किलो घी और 50 मीटर की बाती से जला दीपम
दीपथून स्तंभ पर महादीपम प्रज्वलित करने के दौरान ‘वेत्रिवेल मुरुगानुक्कु अरोहारा’ के जयकारे लगाए गए। इस भव्य दीप को जलाने के लिए 30 किलो शुद्ध घी, 50 मीटर लंबी रूई की बाती और 5 किलो कपूर का इस्तेमाल किया गया।
जैसे ही दीप की लौ प्रज्वलित हुई, वहां मौजूद श्रद्धालुओं ने हाथ जोड़कर भगवान मुरुगन की आराधना की। कई भक्त भावुक हो गए और पूरा पहाड़ी क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूब गया।
क्या है कार्तिगई दीपम और महादीपम का रहस्य?
कार्तिगई दीपम , खासकर तमिलनाडु का प्रमुख हिंदू धार्मिक पर्व है। यह तमिल कैलेंडर के कार्तिगई महीने में मनाया जाता है। इस दिन भगवान शिव की ज्योति स्वरूप में पूजा की जाती है।
मान्यता है कि भगवान शिव ने एक बार ब्रह्मा और विष्णु के बीच श्रेष्ठता को लेकर हुए विवाद को समाप्त करने के लिए स्वयं को अनंत अग्नि स्तंभ के रूप में प्रकट किया था।
पौराणिक कथा के अनुसार, ब्रह्मा हंस का रूप लेकर अग्नि स्तंभ का ऊपरी सिरा खोजने निकले, जबकि भगवान विष्णु ने वराह का रूप धारण कर उसका निचला सिरा तलाशा।
हालांकि, दोनों ही इस अग्नि स्तंभ का अंत नहीं खोज पाए। इसी दिव्य अग्नि स्तंभ को भगवान शिव का स्वरूप माना जाता है।
मान्यता है कि यही अग्नि स्तंभ अरुणाचल पर्वत के रूप में प्रकट हुआ। इसकी स्मृति में कार्तिगई दीपम पर घरों और मंदिरों में दीपक जलाए जाते हैं।
तिरुवन्नामलाई में कैसे जलाया जाता है महादीपम?
तमिलनाडु के तिरुवन्नामलाई स्थित अरुणाचलेश्वर मंदिर में कार्तिगई दीपम का विशेष आयोजन होता है। यहां सुबह करीब 4 बजे भरणी दीपम प्रज्वलित किया जाता है।
इसके बाद शाम करीब 6 बजे अरुणाचल पहाड़ी की चोटी पर घी से भरे विशाल पात्र में महादीपम जलाया जाता है।
इसकी लौ दूर-दूर तक दिखाई देती है और कई दिनों तक जलती रहती है। श्रद्धालु इस अवसर पर पहाड़ी की करीब 14 किलोमीटर लंबी परिक्रमा करते हैं, जिसे गिरिवलम कहा जाता है। भक्त इस महादीपम को भगवान शिव की दिव्य ज्योति का प्रतीक मानते हैं।
भगवान मुरुगन के जन्म की क्या है पौराणिक कथा?
थिरुपरनकुंड्रम मंदिर भगवान मुरुगन के छह प्रमुख पवित्र निवासों यानी ‘आरुपडै वीडु’ में पहला माना जाता है। भगवान मुरुगन को कार्तिकेय और अरुमुगन के नाम से भी जाना जाता है।
पौराणिक मान्यता के अनुसार, भगवान शिव के तीसरे नेत्र से छह अग्नि चिंगारियां निकली थीं। ये चिंगारियां सरवण पोइगई सरोवर में कमल के फूलों पर गिरीं, जिनसे छह बालकों का जन्म हुआ। छह कृत्तिका माताओं ने इन बच्चों का पालन-पोषण किया।
बाद में माता पार्वती ने छह बालकों को एक साथ मिलाकर छह मुखों वाले एक बालक का रूप दिया। इसी कारण भगवान मुरुगन को अरुमुगन कहा गया। कृत्तिका माताओं से संबंध होने के कारण उनका एक नाम कार्तिकेय भी पड़ा।
थिरुपरनकुंड्रम में हुआ था भगवान मुरुगन का विवाह
मंदिर की धार्मिक परंपरा के अनुसार, राक्षस सूरपद्मन का वध करने के बाद भगवान मुरुगन ने देवराज इंद्र की पुत्री देवी देवयानी (देइवानई) से इसी स्थान पर विवाह किया था। इस वजह से मंदिर को विवाह और वैवाहिक सुख की कामना करने वाले श्रद्धालुओं के लिए भी विशेष महत्व प्राप्त है।
मंदिर के मुख्य गर्भगृह में भगवान मुरुगन के साथ भगवान शिव, जिन्हें परंगिरिनाथर के रूप में पूजा जाता है, भगवान विष्णु, भगवान गणेश और देवी दुर्गा की भी आराधना की जाती है। यह मंदिर ‘पाडल पेट्र स्थलम’ यानी 276 प्रमुख शिव मंदिरों में शामिल है। इसका उल्लेख प्राचीन तमिल शैव ग्रंथ ‘तेवारम’ में भी मिलता है।
दीपथून स्तंभ पर दीप जलाने को लेकर क्यों हुआ विवाद?
थिरुपरनकुंड्रम पहाड़ी पर स्थित दीपथून स्तंभ सिकंदर बादुशा दरगाह से करीब 50 मीटर की दूरी पर है। इस स्थान पर दीप जलाने को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था।
24 नवंबर को परंपरागत दीप मंडपम में दीप प्रज्वलित किया गया था। इसके बाद सुप्रीम कोर्ट के 27 नवंबर के आदेश के बाद 28 नवंबर को दीपथून स्तंभ पर भी कार्तिगई दीपम जलाया गया।
दोनों धार्मिक स्थलों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अदालत ने केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) को जिम्मेदारी सौंपी थी। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच दीप प्रज्वलन का अनुष्ठान पूरा हुआ और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने इस ऐतिहासिक आयोजन के दर्शन किए।
Read More:
वृंदावन में अचानक खाली हुआ प्रेमानंद महाराज का केली कुंज आश्रम, आखिर क्या है वजह?

