ग्रेटर नोएडा के दनकौर निवासी 26 वर्षीय मोहम्मद माजिद के साथ 8 अगस्त की शाम गाजियाबाद(Ghaziabad) रेलवे स्टेशन पर अचानक बड़ा हादसा हो गया। माजिद निजी काम से लौट रहे थे और स्टेशन पर मौजूद थे। उनका मोबाइल फोन जेब में रखा हुआ था। सब कुछ सामान्य था लेकिन अचानक जेब में रखा फोन गर्म होने लगा। वह कुछ समझ पाते उससे पहले ही मोबाइल में जोरदार धमाका हो गया।
धमाके से स्टेशन पर मौजूद लोगों में भी अफरा-तफरी मच गई। माजिद के दोनों हाथ झुलस गए। उनके शरीर के निचले हिस्से और निजी अंगों पर भी जलने की चोट आई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उनकी मदद की और अस्पताल पहुंचाया। इलाज के बाद माजिद को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।
एक महीने पहले ही खरीदा था फोन
माजिद के मामा हारून के मुताबिक, जिस मोबाइल में ब्लास्ट हुआ था, उसे करीब एक महीने पहले ही खरीदा गया था। परिवार के मुताबिक फोन कोई पुराना नहीं था और उसके लंबे समय से खराब होने की भी जानकारी नहीं थी। ऐसे में परिजन यह जानना चाहते हैं कि आखिर अचानक मोबाइल में विस्फोट कैसे हुआ। परिवार ने फोन की तकनीकी जांच कराने की मांग की है ताकि ब्लास्ट की सही वजह सामने आ सके।
कंपनी और शोरूम पर उठे सवाल
हादसे के बाद माजिद ने मोबाइल कंपनी और उस शोरूम को लेकर भी सवाल उठाए हैं जहां से फोन खरीदा गया था। उनका कहना है कि फोन जेब में रखा था और अचानक फट गया। उनका मानना है कि ऐसी घटना से आसपास मौजूद कोई दूसरा व्यक्ति भी घायल हो सकता था। वह संबंधित अधिकारियों से शिकायत करने की बात कह रहे हैं।
बैटरी में हुई क्या गड़बड़ी ?
मोबाइल में आग या ब्लास्ट के पीछे बैटरी की खराबी, अत्यधिक गर्म होना या किसी तकनीकी अथवा मैन्युफैक्चरिंग खामी जैसी वजहें हो सकती हैं। हालांकि, इस मामले में वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट होगा। माजिद अब घर लौट चुके हैं लेकिन यह घटना मोबाइल फोन की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल जरूर छोड़ गई है।