बिहार के कटिहार में रेलवे स्टेशन पर मिली 22 वर्षीय युवती को नौकरी दिलाने का भरोसा देकर अपने किराए के मकान पर ले जाने और उसके साथ दुष्कर्म करने का आरोप एक लोको पायलट पर लगा है। युवती ने महिला थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने एफआईआर दर्ज करने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, युवती 22 सितंबर को परिवार से विवाद के बाद घर से निकलकर रेलवे स्टेशन पहुंची थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात एक व्यक्ति से हुई, जिसे युवती ने लोको पायलट बताया। आरोप है कि उसने रेलवे में नौकरी दिलाने का भरोसा दिया और युवती को बरमसिया मोहल्ले स्थित अपने किराए के मकान पर ले गया।
मकान से निकलकर युवती ने मचाया शोर
पीड़िता का आरोप है कि मकान में उसके साथ दुष्कर्म किया गया। उसने पुलिस को बताया कि आरोपी ने कुछ परिचितों को भी वहां बुलाने की कोशिश की थी। इसी दौरान वह किसी तरह मकान से बाहर निकलने में कामयाब हुई और मदद के लिए शोर मचाने लगी। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। इसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गया। घटना के बाद युवती महिला थाना पहुंची और पुलिस को लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की।
CCTV और FSL जांच में जुटी पुलिस
कटिहार एसपी ने बताया कि शिकायत मिलते ही महिला थाने में एफआईआर दर्ज की गई। पुलिस अब रेलवे स्टेशन से लेकर बताए गए घटनास्थल तक के CCTV फुटेज की जांच कर रही है। घटनास्थल पर फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम भी भेजी गई और आसपास के लोगों से पूछताछ की गई है।एसपी के मुताबिक, जिस मकान का युवती ने उल्लेख किया है, वह किराए पर एक लोको पायलट को दिया गया था। पुलिस ने मकान की पहचान कर ली है और आरोपी की भूमिका से जुड़े साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
मेडिकल के बाद कोर्ट में दर्ज होगा बयान
पुलिस ने युवती का मेडिकल परीक्षण कराया है। इसके साथ ही उसका बयान अदालत में दर्ज कराने की प्रक्रिया भी शुरू की गई है। एसपी ने स्पष्ट किया कि युवती बालिग है और उसकी उम्र 22 वर्ष है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
Read More

