जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हो गए। हादसा करनाह इलाके में हुआ, जहां एक वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। मृतकों में महिलाएं, पुरुष और बच्चे शामिल बताए जा रहे हैं। हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय प्रशासन और बचाव दल सक्रिय हुए। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें गंभीर रूप से घायल कुछ लोगों को बेहतर इलाज के लिए जीएमसी हंदवाड़ा रेफर किया गया है। हादसे के बाद इलाके में राहत और बचाव का काम चलाया गया।
LG मनोज सिन्हा ने जताया दुख
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने दुर्घटना में लोगों की मौत पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। उपराज्यपाल ने जिला प्रशासन को घायलों को हर संभव और बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन की ओर से घायलों के इलाज की व्यवस्था पर नजर रखी जा रही है।
पुंछ में भी हुआ था ऐसा हादसा
इससे पहले अगस्त में पुंछ जिले के सुरनकोट के शेलधर इलाके में भी वाहन के खाई में गिरने से बड़ा हादसा हुआ था। उस दुर्घटना में छह लोगों की मौत हुई थी और तीन लोग घायल हुए थे। मृतकों में दो महिलाएं शामिल थीं। हादसे के बाद 108 एंबुलेंस सेवा के साथ अतिरिक्त एंबुलेंस और अन्य आपातकालीन संसाधनों को घटनास्थल पर भेजा गया था। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जिनमें एक बच्ची की हालत गंभीर बताई गई थी।
CM उमर ने जताया था शोक
पुंछ हादसे के बाद उपायुक्त अशोक कुमार शर्मा ने छह लोगों की मौत और तीन लोगों के घायल होने की जानकारी दी थी। पुंछ के सीएमओ डॉ. परवेज खान के अनुसार, मृतकों में चार पुरुष और दो महिलाएं थीं तथा उनकी उम्र करीब 20 से 25 वर्ष के बीच बताई गई थी। जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने भी घटना पर दुख जताया था। मुख्यमंत्री कार्यालय के मुताबिक, उन्होंने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और अधिकारियों को घायलों को सभी जरूरी चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए थे।
Read More
कटिहार में नौकरी का झांसा देकर युवती के साथ दुष्कर्म, लोको पायलट की तलाश में जुटी पुलिस

