HomeBreaking Newsयूपी चुनाव 2027 से पहले सपा का बड़ा दाव, लाल की जगह...

यूपी चुनाव 2027 से पहले सपा का बड़ा दाव, लाल की जगह नीले ड्रेस में नजर आएंगे कार्यकर्ता

उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी अपने PDA यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक समीकरण को मजबूत करने के लिए सामाजिक प्रतीकों और महापुरुषों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता दे रही है। पार्टी ने कुशवाहा, शाक्य, मौर्य और सैनी समाज के बीच अपनी पहुंच बढ़ाने के लिए सम्राट अशोक और बाबू जगदेव प्रसाद कुशवाहा से जुड़े ऐलान किए हैं। इसी के साथ समाजवादी छात्रसभा की ड्रेस में भी बड़ा बदलाव किया गया है और नीले रंग को शामिल किया गया है।

सम्राट अशोक की जयंती पर छुट्टी का ऐलान

लखनऊ स्थित सपा मुख्यालय में बीते सोमवार को बाबू जगदेव प्रसाद कुशवाहा के बलिदान दिवस पर कुशवाहा, शाक्य, मौर्य और सैनी समाज का सम्मेलन हुआ। इसमें पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार बनने पर चक्रवर्ती सम्राट अशोक की जयंती पर सार्वजनिक अवकाश घोषित किया जाएगा। अखिलेश यादव ने बाबू जगदेव प्रसाद कुशवाहा को सामाजिक न्याय की लड़ाई से जोड़ते हुए कहा कि उन्होंने अपना जीवन वंचित और शोषित वर्गों के लिए संघर्ष में लगाया। उन्होंने लखनऊ के गोमती रिवर फ्रंट पर बाबू जगदेव कुशवाहा की प्रतिमा स्थापित कर स्मारक बनाने की भी घोषणा की।

छात्रसभा की ड्रेस में आया नीला रंग

सपा ने अपने छात्र संगठन समाजवादी छात्रसभा की वर्दी में भी बदलाव किया है। पहले कार्यकर्ता मैरून रंग की शर्ट और सफेद पैंट पहनते थे। अब नई ड्रेस में नीली पैंट के साथ नीली टीशर्ट होगी। टीशर्ट पर छात्रसभा का लोगो और साइकिल का चुनाव चिह्न रहेगा। पार्टी के इस बदलाव को दलित समाज तक पहुंच बढ़ाने की रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है। उत्तर प्रदेश की राजनीति में नीला रंग लंबे समय से बहुजन राजनीति और बसपा से जुड़ा रहा है। पिछले करीब एक साल में अखिलेश यादव भी कई कार्यक्रमों में नीला गमछा पहने नजर आए हैं, जिनमें डॉ. बीआर आंबेडकर जयंती और कांशीराम की पुण्यतिथि से जुड़े आयोजन शामिल हैं।

PDA के सामाजिक आधार को विस्तार देने पर जोर

सपा अध्यक्ष ने सम्मेलन में कहा कि पार्टी PDA को सामाजिक और राजनीतिक विकल्प के रूप में आगे बढ़ा रही है। उन्होंने आरक्षण और सामाजिक प्रतिनिधित्व के मुद्दे पर भी अपनी बात रखी और जातीय आंकड़ों के आधार पर हिस्सेदारी की मांग की। पार्टी की ओर से सम्राट अशोक और बाबू जगदेव प्रसाद कुशवाहा से जुड़े ऐलान और छात्रसभा की ड्रेस में नीले रंग का इस्तेमाल एक साथ सामने आया है।

Read More

धौलाना की केमिकल फैक्ट्री में भीषण आग से मचा हड़कंप, आसमान में छाया धुएं का गुबार, मौक पर पहुंची दमकल की गाड़ियां

Ram Janam Chauhan
Ram Janam Chauhanhttp://mhone.in
राम जनम चौहान वर्तमान में MH One News के साथ जुड़े हुए हैं। वे मुख्य रूप से पॉलिटिक्स और नेशनल न्यूज़ को कवर करते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत दैनिक जागरण संस्थान के साथ की। इसके अलावा Zee Media और India News में इंटर्नशिप की है। राम जनम चौहान ने डॉ. भीमराव अंबेडकर कॉलेज (गोकलपुरी, दिल्ली) से पत्रकारिता एवं जनसंचार (BJMC) की डिग्री प्राप्त की है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments